अमरोहा : चौथे दिन दो प्रत्याशियों ने कराया नामांकन
अमृत विचार, अमरोहा। सोमवार को धनौरा विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी समरपाल सिंह और एक निर्दलीय प्रत्याशी करन सिंह ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। जिले में दूसरे चरण के चुनाव के नामांकन चल रहे हैं। नामांकन के चलते अमरोहा-जोया रोड पर पुलिस व अर्द्धसैनिक …
अमृत विचार, अमरोहा। सोमवार को धनौरा विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी समरपाल सिंह और एक निर्दलीय प्रत्याशी करन सिंह ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
जिले में दूसरे चरण के चुनाव के नामांकन चल रहे हैं। नामांकन के चलते अमरोहा-जोया रोड पर पुलिस व अर्द्धसैनिक बल के जवान तैनात रहे। सुबह से ही कलेक्ट्रेट के अंदर व बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। दूसरे चरण के चुनाव के लिए 21 जनवरी से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले दिन तीन प्रत्याशियों ने नामांकन किए थे। इसके बाद शनिवार और रविवार को अवकाश के चलते नामांकन नहीं हो सके। नामांकन के चौथे दिन सोमवार को धनौरा विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी समरपाल सिंह नामांकन कराने पहुंचे। इस दौरान उनके साथ दो प्रस्तावक रहे।
न्यायालय अपर जिलाधिकारी कक्ष-1 में पहुंचकर उन्होंने नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन दाखिल कर लौटने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए समरपाल सिंह ने कहा कि अगर वह जीते तो शिक्षा के क्षेत्र में क्रांति लाएंगे। क्षेत्र में मेडिकल कालेज समेत कई शिक्षण संस्थान को खुलवाएंगे। जिससे शिक्षा के क्षेत्र में विकास हो सके। इसके बाद धनौरा विधानसभा सीट से ही निर्दलीय प्रत्याशी करन सिंह ने भी अपना नामांकन किया। एडीएम भगवान शरण ने बताया कि सोमवार को दो प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।
38 लोगों ने पर्चे खरीदे
अमरोहा। सोमवार को दो प्रत्याशियों के नामांकन कराने के बाद धनौरा विधानसभा के लिए कुल नौ पर्चा बिके। नौगांवा सादात से 18, जबकि अमरोहा से एक पर्चा बिका। वहीं हसनपुर से भी 10 लोगों ने चुनाव लड़ने के लिए पर्चे खरीदे। कुल 38 लोगों ने नामांकन के लिए पर्चे खरीदे।
नामांकन को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम रहे
अमरोहा। विधानसभा चुनाव के नामांकन को लेकर पुलिस प्रशासन सर्तक है। सोमवार की सुबह से ही कलेक्ट्रेट में सुरक्षा के लिहाज से भारी पुलिस फोर्स तैनात रहा। अमरोहा-जोया रोड स्थित बंबूगढ़ तिराहे से लेकर कलेक्ट्रेट तक चप्पे-चप्पे पर अर्द्धसैनिक बल तथा भारी पुलिस बल को तैनात कर बैरियर लगाए गए थे। जिससे प्रत्याशियों के साथ आने वाले समर्थकों के काफिले को कलेक्ट्रेट गेट से दूर रास्ते में ही रोक लिया जाए। कलेक्ट्रेट परिसर में भी सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए। नामांकन स्थल से 100 गज की दूरी पर ही वाहनों को रोका गया।
आज कई प्रत्याशियों के नामांकन करने की संभावना
अमरोहा। जिले में दूसरे चरण में चुनाव होना है। नामांकन प्रक्रिया के चलते अब तक कुल पांच प्रत्याशियों ने अपने नामांकन किए हैं। वहीं मंगलवार को कई प्रत्याशियों के नामांकन करने की संभावना जताई जा रही है। अमरोहा विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी आज नामांकन करेंगे। इसके अलावा सपा से महबूब अली, हसनपुर से बसपा प्रत्याशी, अमरोहा से बसपा प्रत्याशी, धनौरा से बसपा प्रत्याशी के नामांकन कराने की संभावना भी जताई जा रही है।
