मुरादाबाद : टीईटी के सॉल्वर गैंग के सरगना को भेजा जेल
मुरादाबाद, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (टेट) में पकड़े गए साल्वर गैंग के सरगना को पुलिस ने सोमवार को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। सिविल लाइंस थाना प्रभारी ने बताया कि बरेली एसटीएफ यूनिट के निरीक्षक अजय पाल सिंह की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया …
मुरादाबाद, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (टेट) में पकड़े गए साल्वर गैंग के सरगना को पुलिस ने सोमवार को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। सिविल लाइंस थाना प्रभारी ने बताया कि बरेली एसटीएफ यूनिट के निरीक्षक अजय पाल सिंह की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें टीईटी परीक्षा के तीन अभ्यर्थियों के साथ रायबरेली और संत कबीर नगर की कोर्ट में तैनात स्टैनो को भी आरोपी बनाया गया है।
टीम को जानकारी मिली थी कि भगतपुर थानाक्षेत्र के गांव नकटपुरी निवासी सोनूपाल गोरखपुर से मुरादाबाद तक अपने साथियों के साथ मिलकर टीईटी में साल्वर बैठाएगा। इस पर टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। उसके कब्जे से आठ शिक्षक पात्रता 2021 से सम्बन्धित प्रवेश पत्र, मार्कशीट मोबाइल, फर्जी आधार कार्ड दो एटीएम बरामद किए गए हैं।
सोनूपाल ने पूछताछ में बताया कि उसने टीईटी में तीन अभ्यर्थियों परवीन सिंह पुत्र बलवन्त सिंह निवासी ग्राम इलर थाना डिलारी, रघुनन्दन पुत्र रामविलास निवासी जिला अमरोहा और सचिन कुमार पुत्र राजवीर सिंह को दो-दो लाख रुपये में पास कराने का ठेका लिया था। सोनू व उसके अन्य साथियों ने पटना से तीन साल्वर बृजेश, अमरनाथ व प्रिंयकर को बुलाया था।
आरोपी ने स्वीकार किया कि वह और उसके साथी अभ्यर्थियों की तलाश करके पटना से साल्वर बुलवाते हैं। इस गैंग का सदस्य कासिम अभ्यर्थी और साल्वर के फोटो मिक्सिंग कर देता है। फोटो मिक्सिंग कराने से कक्ष परीक्षक पहचान नहीं कर पाता। इसके जरिए साल्वर आसानी से परीक्षा केन्द्र में चला जाता है। सोनू के अन्य साथी जयपाल सिंह पुत्र ढकरी सिंह निवासी जाहिदपुर थाना भोजपुर रायबरेली में स्टेनो है। उसका दूसरा साथी विपिन पुत्र लाल बहादुर सिंह निवासी विन्धवासनी कालोनी चटरी चौराहा काशीपुर भी संत कबीरनगर की कोर्ट में स्टेनो है।
