कुख्यात अपराधी ‘पडप्पाई’ गुना ने किया आत्मसमर्पण
चेन्नई। हत्या, अपहरण तथा अन्य जघन्य आपराधिक कांडों में शामिल रहे कुख्यात अपराधी ‘पडप्पाई’ गुना ने मंगलवार को तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के सैदापेट न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। जानकारी के अनुसार, कांचीपुरम जिले का निवासी गुना लंबे समय से फरार था। उसने पुलिस द्वारा अपनी पत्नी एलम्मल को हिरासत में लिए जाने के …
चेन्नई। हत्या, अपहरण तथा अन्य जघन्य आपराधिक कांडों में शामिल रहे कुख्यात अपराधी ‘पडप्पाई’ गुना ने मंगलवार को तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के सैदापेट न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। जानकारी के अनुसार, कांचीपुरम जिले का निवासी गुना लंबे समय से फरार था।
उसने पुलिस द्वारा अपनी पत्नी एलम्मल को हिरासत में लिए जाने के बाद आज अदालत के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसकी पत्नी को हिरासत लेकर उसके ठिकाने के बारे में जानने के लिए पूछताछ की थी। उसकी पत्नी ने दावा किया था कि पुलिस गुना के मुठभेड़ में मारने की योजना बना रही थी।
गुना के आत्मसमर्पण करने के बाद अदालत ने उसे 31 जनवरी तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जिसके बाद में उसे कड़ी सुरक्षा के बीच पुझल केंद्रीय कारावास (जेल) ले जाया गया। गुना को सहायता करने के आरोप में तीन पुलिस निरीक्षकों को कांचीपुरम जिले से दक्षिणी क्षेत्र में स्थानांतरित कर दिया गया था।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सी सिलेंद्र बाबू ने उसके खिलाफ प्रारंभिक जांच के बाद उनके तबादले के आदेश जारी किए थे। जानकारी के मुताबिक गुना अपने सहयोगी तथा गुंडों की मदद से चेंगलपट्टू, कांचीपुरम और तिरुवल्लूर जिले में विनिर्माण केंद्रों में कबाड़ कारोबार को नियंत्रित करता है।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल गुना को एक महिला को जबरन उसकी जमीन हड़पने की धमकी देने के मामले में गिरफ्तार किया गया था लेकिन वह जमानत पर छूटने के बाद फरार हो गया था। पुलिस द्वारा उसे गिरफ्तार करने के लिए अभियान तेज करने के बाद उसने अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।
ये भी पढ़े-
