रुद्रपुर: युवाओं की ‘मतिभ्रम’ करने की कोशिश
रुद्रपुर, अमृत विचार। चार दिन में तीन बड़े खुलासों ने ऊधमसिंह नगर के युवाओं को सावधान रहने का संकेत भी दिया है। इन तीनों ही बड़े मामलों में युवाओं की मतिभ्रम कर उन्हें बर्बाद करने की साजिश का खुलासा हुआ है। एक ओर आतंकी अपने गिरोह में शामिल कर युवाओं को फंसाने की फिराक में …
रुद्रपुर, अमृत विचार। चार दिन में तीन बड़े खुलासों ने ऊधमसिंह नगर के युवाओं को सावधान रहने का संकेत भी दिया है। इन तीनों ही बड़े मामलों में युवाओं की मतिभ्रम कर उन्हें बर्बाद करने की साजिश का खुलासा हुआ है। एक ओर आतंकी अपने गिरोह में शामिल कर युवाओं को फंसाने की फिराक में हैं तो दूसरी ओर पड़ोसी मुल्कों से ताल्लुक रखने वाले गिरोह नशे के जरिए युवाओं को बर्बाद करने की कोशिश करते पाए गए हैं। यही नहीं सट्टे का नेटवर्क भी युवाओं को आकर्षित कर उन्हें गलत राह पर ले जाने की कोशिश में है। इन घटनाओं से जहां अभिभावकों में अपने पाल्यों को लेकर चिंता बढ़ी है तो वहीं युवाओं को सचेत रहने के लिए पुलिस का अलर्ट भी मिला है।
केटीएफ के नेटवर्क से बढ़ी चिंता
उत्तराखंड एसटीएफ ने शुक्रवार की रात पंतनगर थाना क्षेत्र में चार लोगों को गिरफ्तार किया था। युवा उम्र के ये सभी बाजपुर के रहने वाले हैं। ये लोग आतंकी सुखप्रीत को शरण देने के मामले में गिरफ्तार किए गए थे। इस घटना से यह भी देखा जा रहा है कि आतंकी गतिविधियों में युवाओं को शामिल करने के लिए बड़े नेटवर्क का जाल तैयार करने की साजिश चल रही है। कनाडा से इन आरोपियों के संपर्क में खालिस्तान टास्क फोर्स के चर्चित हर्श का नाम भी सामने आया था, जिसको लेकर भी पुलिस सतर्क है।
आत्महत्या के लिए उकसाता है सिंथेटिक ड्रग्स
जिला पुलिस ने जो ड्रग्स पकड़ा है, वह एमडीएमए यानि मिथाइलीन डाई ऑक्सी मेथा नामक ड्रग्स है। मनो विशेषज्ञ डॉ. कुलदीप चौहान बताते हैं कि यह ड्रग्स बेहद खतरनाक और बुद्धि पर सीधे हमला करने वाला पदार्थ होता है। सोचने की क्षमता खत्म कर आत्महत्या के लिए उकसाता है। गुस्सा, कमजोरी के साथ-साथ समझने की क्षमता पर भी असर करता है। इसकी एक बार लत पड़ने के बाद इससे छूट पाना आसान नहीं होता है।
सट्टे के सरताज अपने नेटवर्क को बढ़ाते हुए युवाओं को अपनी गिरफ्त में लाने के प्रयास में हैं। जो तीन लोग पकड़े गए हैं, वे भी युवा हैं। यही नहीं जो सरगना है वह ऊधमसिंह नगर का ही बताया जाता है। ऐसे में यहां के युवाओं को लेकर उसका नेटवर्क काफी सक्रिय व मजबूत हो सकता है। इस स्थिति को देखते हुए युवाओं को ज्यादा अलर्ट रहने के लिए पुलिस भी सचेत करती है। सट्टे की लत कैसे डालें और किस तरह से इस खेल में उन्हें फंसाया जाए, इसकी पूरी प्लानिंग करते हुए यह नेटवर्क काम करता है।
शरीर के लिए क्या घातक है और क्या सही है। यह सभी जानते हैं। इसलिए युवाओं को ड्रग्स से खुद को बचाना चाहिए। यदि कोई गुमराह और अफवाह के माध्यम से गलत इरादे पेश कर रहा हो तो उसकी सूचना भी पुलिस को देकर सहयोग कर सकते हैं।
– बरिंदरजीत सिंह, एसएसपी
