बरेली: युवा मतदाताओं को जोड़ने में बरेली को प्रदेश में तीसरा स्थान मिला
बरेली, अमृत विचार। प्रदेश में युवा मतदाताओं को जोड़ने में जनपद बरेली को प्रदेश में तृतीय स्थान मिला है। मंगलवार को संजय कम्युनिटी हाल में आयोजित मतदाता दिवस के कार्यक्रम में अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस को आरंभ करने का उद्देश्य मतदाताओं को मतदान के प्रति …
बरेली, अमृत विचार। प्रदेश में युवा मतदाताओं को जोड़ने में जनपद बरेली को प्रदेश में तृतीय स्थान मिला है। मंगलवार को संजय कम्युनिटी हाल में आयोजित मतदाता दिवस के कार्यक्रम में अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस को आरंभ करने का उद्देश्य मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करना था, इसलिए इसे मतदाता दिवस के रूप में मनाया जाता है। सबसे बड़ा उद्देश्य यह है कि हर एक व्यक्ति अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें।
कार्यक्रम आरंभ के मौके पर द्रौपदी कन्या इण्टर कालेज की प्रधानाचार्या एवं छात्राओं ने सरस्वती वंदना गीत प्रस्तुत किया। मतदान करे गीत के साथ अधिकारियों एवं अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की। विशिष्ट अतिथि, समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को जिलाधिकारी ने मतदाता शपथ दिलायी। 12वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम समावेशी, सुगम और सहभागी निर्वाचन की ओर अग्रसर पर प्रकाश डाला। मतदाताओं से मतदान दिवस 14 फरवरी को मतदान करने की अपील की।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विधानसभा सामान्य निवार्चन-2022 के लिए चयनित डिस्ट्रिक्ट स्वीप आईकॉन रजनी जोशी इंटरनेशनल हॉकी प्लेयर, डिस्ट्रिक्ट पीडब्ल्यूडी आईकॉन अपर्णा शर्मा इंटरनेशनल प्लेयर को जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्मृति चिन्ह भेट कर सम्मानित किया। रजनी जोशी ने मतदाताओं से निर्वाचन में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। जिला निर्वाचन अधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवाण, मुख्य विकास अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग समेत अन्य अधिकारियों ने 18-19 वर्ष के 5 नए मतदाताओं को मतदाता पहचान पत्र एवं अपनी विधानसभा में अच्छा कार्य करने वाले 8 बीएलओ एवं 4 सुपरवाइजरों को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में पुष्पा सिंह जिला युवा अधिकारी के निर्देशन में नेहरू युवा केन्द्र ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए। जिसमें रंगोली, नुक्कड़ नाटक, मेंहदी, एकल और समूह नृत्य आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मेंहदी में अंशिका यादव ने प्रथम, रिया ने द्वितीय, ज्योति ने तृतीय, एकल गायन में केशव प्रथम, शिवानी द्वितीय, सोनू तृतीय, एकल नृत्य में शीतल प्रथम, नंदिनी राय द्वितीय, दीपाली सिंह तृतीय, सामूहिक गान और नाटक में अनीता देवी, भदपुरा और सामूहिक नृत्य में भोजीपुरा की टीम नें प्रथम स्थान प्राप्त किया।
