हल्द्वानी: बनभूलपुरा में नाइट कर्फ्यू का उल्लंघन, पांच दुकानदारों का चालान
हल्द्वानी, अमृत विचार। बनभूलपुरा में नाइट कर्फ्यू का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है। इसका खुलासा तब हुआ, जब रात में पुलिस भ्रमण पर निकली। रात 12 बजे के बाद भी दुकानें खुली मिलीं और कोरोना के नियम तार-तार होते दिखाई दिए। पुलिस को देख भीड़ तो भाग गई और दुकानदार हत्थे चढ़ गए। रात 10 …
हल्द्वानी, अमृत विचार। बनभूलपुरा में नाइट कर्फ्यू का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है। इसका खुलासा तब हुआ, जब रात में पुलिस भ्रमण पर निकली। रात 12 बजे के बाद भी दुकानें खुली मिलीं और कोरोना के नियम तार-तार होते दिखाई दिए। पुलिस को देख भीड़ तो भाग गई और दुकानदार हत्थे चढ़ गए।
रात 10 बजे से सुबह 6 बजे नाइट कर्फ्यू घोषित है। बनभूलपुरा थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी ने बताया कि 26 जनवरी रात पुलिस नाइट कर्फ्यू का पालन कराने के लिए इलाके में गश्त पर थी। माइक से बाकायदा कोरोना नियम पालन करने के लिए भी कहा जा रहा था। इसी दौरान पुलिस इंद्रानगर पहुंची। पुलिस को नई बस्ती इंद्रानगर निवासी अशरफ उर्फ गुड्डू की रजा गेट स्थित चाय एवं जनरल स्टोर पर भारी भीड़ मिली।
इसके अलावा इंद्रानगर बड़ी मस्जिद बनभूलपुरा निवासी शाहरूख की बड़ी मस्जिद के पास स्थित साबरी कंफेक्शनरी एंड बेकर्स, इंद्रानगर ठोकर निवासी रिजवान की इलाही कंफेक्शनरी भी रात 12 बजे के बाद न सिर्फ खुली मिली, बल्कि यहां भारी भीड़ भी मिली। इसके अलावा लाइन नंबर 17 में वसीम की चाय की दुकान और लाइन नंबर 12 निवासी मो.उस्मान की लाइन नंबर 17 स्थित सूफियाना कंफेक्शनरी चोरगलिया रोड पर भारी भीड़ मिली। इसके बाद पुलिस ने इन सभी पांचों दुकानदारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
