रामनगर से माफी मांगी, लालकुआं में सक्रिय हुए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। रामनगर की सीट छोड़ने के बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के कद्दावर नेता हरीश रावत लालकुआं विधानसभा से दावेदारी करेंगे। गुरुवार को उन्होने ट्वीटर व फेसबुक पर लालकुआं विधानसभा के लोगों से मार्मिक अपील की है। इससे पूर्व उन्होंने रामनगर की जनता व कार्यकर्ताओं से चुनाव न लड़ने पर माफी भी …

हल्द्वानी, अमृत विचार। रामनगर की सीट छोड़ने के बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के कद्दावर नेता हरीश रावत लालकुआं विधानसभा से दावेदारी करेंगे। गुरुवार को उन्होने ट्वीटर व फेसबुक पर लालकुआं विधानसभा के लोगों से मार्मिक अपील की है। इससे पूर्व उन्होंने रामनगर की जनता व कार्यकर्ताओं से चुनाव न लड़ने पर माफी भी मांगी है।

दरअसल, कांग्रेस की दूसरी लिस्ट में कांग्रेस ने रामनगर से हरीश रावत, लालकुआं से संध्या डालाकोटी व कालाढूंगी से महेंद्र सिंह पाल को टिकट दिया था। जिसके बाद से ही रामनगर, लालकुआं व कालाढूंगी में बगावत के सुर उभरने लगे थे। तीनों सीटों को हाथ से जाता देख कांग्रेस ने एक तीर से कई शिकार करने का प्रयास किया है। जिसके तहत हरीश रावत को लालकुआं से टिकट देकर दावेदारों की नाराजगी को दूर करने करने का प्रयास किया है वही कालाढूंगी से घोषित प्रत्याशी को रामनगर भेजा है जबकि टिकट वितरण से नाराज चल रहे महेश शर्मा को कालाढूंगी का टिकट दिया है। जिसके बाद कांग्रेस की इन तीनों सीटों में बगावत करीब समाप्त हो गई है। हालांकि हरीश रावत के लिए लालकुआं में पूर्व में घोषित प्रत्याशी संध्या डालाकोटी को मनाना अभी भी चुनौती बना हुआ है।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि उत्तराखंड की परंपराओं और आधुनिक स्वरूप लेकर तेजी से आगे बढ़ता हुआ लालकुआं। मैं आपको प्रणाम करता हूं, नमन करता हूं। कांग्रेस पार्टी ने मुझे आपका आशीर्वाद लेने के लिए अधिकृत किया है, मैं आपकी शरण में आ रहा हूं। लालकुआं के बहनों और भाइयों मुझे अपनी शरण दीजिये। मैं उसी सेवाभाव को आगे बढ़ाऊंगा। जिसको संजोए हुये हमारे कांग्रेस के साथी आपके सेवक बनने के लिए प्रयासरत थे। मैं सबको जोड़कर, सबकी आकांक्षाओं को एक-दूसरे के साथ समन्वित कर आपके क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का दायित्व अपने ऊपर लेना चाहता हूं। इस दायित्व ग्रहण के संकल्प को अपना आशीर्वाद देकर मुझे कृतार्थ करें। इस ट्वीट को करने के बाद हरीश रावत लालकुआं को रवाना हो गए है। गुरुवार की देर सांय लालकुआं पहुंचेंगे। जिसके बाद वह शुक्रवार को लालकुआं में अपना नामांकन करेंगे।

संबंधित समाचार