बरेली: गांव-गांव में गरीब परिवारों की सहायता करने का संकल्प दिलाया
बरेली, अमृत विचार। मंडलायुक्त आर रमेश कुमार ने बुधवार को कमिश्नरी में ध्वजारोहण किया। इसके बाद संविधान संकल्प को उपस्थित लोगों के साथ दोहराया। सभी लोगों के साथ कमिश्नरी परिसर के शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। मंडलायुक्त ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि …
बरेली, अमृत विचार। मंडलायुक्त आर रमेश कुमार ने बुधवार को कमिश्नरी में ध्वजारोहण किया। इसके बाद संविधान संकल्प को उपस्थित लोगों के साथ दोहराया। सभी लोगों के साथ कमिश्नरी परिसर के शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। मंडलायुक्त ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज का दिन लोकतंत्र की मजबूती का दिन है। आज ही के दिन संविधान को अंगीकृत किया गया था।
संविधान के अंतर्गत हमारे अधिकार सुनिश्चित और सुरक्षित किए गए हैं। ये अधिकार ही हैं, जिनकी बदौलत हम लगातार तरक्की कर रहे हैं। विकास के इस रास्ते में एक व्यक्ति के योगदान का भी बड़ा महत्व है। संकल्प ये भी लेना चाहिए कि गांव-गांव स्तर पर गरीब परिवारों की सहायता करें तो समाज में समानता बढ़ेगी। सामाजिक कार्यकर्ता जेसी पालीवाल ने कहा कि आज हम जहां पर बैठे हैं, ये बड़ी ऐतिहासिक जगह है। यहीं पर बरगद का वह पेड़ था जिस पर बरेली के स्वतंत्रता सेनानियों को अंग्रेजों ने लटकाकर फांसी दी थी।
इधर, कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने ध्वजारोहण किया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों व अन्य गणमान्य नागरिकों के साथ राष्ट्रगान कर भारतीय संविधान के संकल्प को भी दोहराया। जिलाधिकारी ने कहा कि भारत के वीर सपूतों के त्याग व बलिदान से ही अंग्रेजों की गुलामी से भारत को आजाद कराया गया। इसके बाद भारतीय संविधान की संरचना हुई। 26 जनवरी 1950 को भारत गणराज्य बना। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश इस समय निर्वाचन प्रक्रिया से गुजर रहा है। संविधान प्रदत्त अधिकारों के अंतर्गत सभी मतदाताओं का दायित्व है कि अपने मत का प्रयोग करें और देश को विकास के नए मानदंड विकसित करने का अवसर प्रदान करें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन वीके सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी सिटी डा. आरडी पाण्डेय ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट राजीव पांडेय, मुख्य कोषाधिकारी सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
