भारत को घेरने की कोशिश
चीन, भारत को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहता। ताजा मामला पाकिस्तान को हाइपरसोनिक मिसाइलों की आपूर्ति करने का है। एक रिपोर्ट के अनुसार चीन पाकिस्तान को हाइपरसोनिक मिसाइल दे रहा है। भारतीय के-9 वज्र हॉवित्जर का मुकाबला करने के लिए चीन निर्मित हॉवित्जर का पहला बैच इस्लामाबाद को प्राप्त भी हो चुका है। …
चीन, भारत को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहता। ताजा मामला पाकिस्तान को हाइपरसोनिक मिसाइलों की आपूर्ति करने का है। एक रिपोर्ट के अनुसार चीन पाकिस्तान को हाइपरसोनिक मिसाइल दे रहा है। भारतीय के-9 वज्र हॉवित्जर का मुकाबला करने के लिए चीन निर्मित हॉवित्जर का पहला बैच इस्लामाबाद को प्राप्त भी हो चुका है।
चीन नॉरिंको एआर-1300 मिमी मल्टी बैरल रॉकेट लॉन्चर की आपूर्ति भी कर रहा है ताकि पाकिस्तानी सेना के पास भारतीय रॉकेट लॉन्चरों का जवाब हो। भारत के एस-400 मिसाइल सिस्टम को बेकार करने के लिए चीन हथियार आपूर्ति का कदम उठा रहा है।
पिछले कुछ सालों से सीमा पर भारत के कड़े रुख से चीन असहज है।
उसे ऐसी उम्मीद कभी नहीं रही कि भारत उसे आंखें दिखा सकता है। भारत के तेवरों से निपटने की योजना में जुटा चीन हर वह कोशिश कर रहा है जिससे भारत दबा रहे और सीमा पर चीन की मनमानी चलती रहे। चीन ने अपने रणनीतिक उद्देश्यों के तहत अरब सागर तक पहुंचने के लिए पाकिस्तान को न सिर्फ हथियारों की आपूर्ति की है बल्कि परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह में भारत के प्रवेश में बाधा भी उत्पन्न की है।
यही नहीं अफगानिस्तान में काम करने वाले निर्दोष भारतीयों को वैश्विक रूप से सूचीबद्ध करने की कोशिश की है। चीन भारत के हर ऐसे प्रयास पर संयुक्त राष्ट्र संघ में वीटो करता रहा है जिसमें पाकिस्तान की असलियत सामने आ रही हो और इस्लामाबाद के आंतकवादियों के साथ संबंधों का खुलासा हो रहा हो।
पाकिस्तान को मिसाइलें देने के पीछे चीन का उद्देश्य है कि भारत पाकिस्तान की ओर आशंका भरी नजरों से देखता रहे और चीन सीमा पर अपनी पैठ बढ़ाता रहे।
पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से भारत में आतंकवाद का जहर घोलने में लगा रहता है। भीषण ठंड में बर्फवारी के चलते फिलहाल सीमा पार से आतंकवाद पर कुछ राहत के हालात हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि पाकिस्तान बर्फ पिघलने का इंतजार कर रहा है। कश्मीर में आंतक फैलाने के लिए बड़ी संख्या में दहशतगर्द तैयार किए गए हैं जिन्हें मौका मिलते ही इस पार भेज दिया जाएगा और वे खासकर कश्मीर में हालात खराब करते रहेंगे।
भारत को असहज करने में चीन सदैव पाकिस्तान की मदद करता रहता है। हाइपरसोनिक मिसाइलों की आपूर्ति भी इसी का हिस्सा माना जा रहा है।
