रायबरेली : साइकिल सवार को बचाने में पेड़ से टकराई कार, तीन की मौत
खीरों/रायबरेली। थाना क्षेत्र के बछरावां-लालगंज मुख्य मार्ग पर बरवलिया गांव के पास सामने से आ रहे एक साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में एक कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़े पेड़ से टकराने के बाद पलट गई । हादसे में कार पर सवार एक महिला सहित 3 लोगों की मौके पर मौत हो …
खीरों/रायबरेली। थाना क्षेत्र के बछरावां-लालगंज मुख्य मार्ग पर बरवलिया गांव के पास सामने से आ रहे एक साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में एक कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़े पेड़ से टकराने के बाद पलट गई । हादसे में कार पर सवार एक महिला सहित 3 लोगों की मौके पर मौत हो गई। एक गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज पहुंचाया । जहां उसका इलाज चल रहा है । पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर कार्यवाही शुरू कर दी है।
घटनास्थल से मिली जानकारी के अनुसार फतेहपुर निवासी जिया खुर्शीद (52 वर्ष) पत्नी मंसूब अहमद सिद्दीकी लम्बे अरसे से बीमार चल रही थी। शुक्रवार को जिया अपना इलाज कराने बेटे कामरान उर्फ चश्मी तथा आसिफ और एक रिश्तेदार अरशद पुत्र जलील निवासी फतेहपुर के साथ कार से इन्हौंना लखनऊ जा रहे थे । जैसे ही कार बछरावां लालगंज मुख्य मार्ग पर बरवलिया गांव के पास पहुंची तभी अचानक सामने से आ रहे एक साइकिल सवार को बचाने में अनियंत्रित होकर कार सड़क के किनारे खड़े पेड़ से टकराकर सड़क के नीचे पलट गई। जिससे कार चालक अरशद व कामरान उर्फ चस्मी और जियाखुर्शीद सहित तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई ।
जबकि आसिफ गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल आसिफ को एंबुलेंस से सीएचसी लालगंज पहुंचाया । पुलिस ने मृतकों के परिवारीजनों को घटना की सूचना देते हुए शवों को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया । मौके पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया । मृतकों के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। एक घायल युवक का इलाज सीएचसी लालगंज में चल रहा है ।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: टिकट मिलते ही आरती ने हनुमानगढ़ी में झुकाया शीश, मीडिया के सामने हुईं भावुक
