पीलीभीत: कार्यालय उद्घाटन के दौरान भाजपा विधायक ने तोड़े नियम, 250 पर एफआईआर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलभीत, अम़ृत विचार। समाजवादी पार्टी के बाद अब भाजपा के मौजूदा विधायक ने अपने कार्यालय उद्घाटन के मौके पर कोविड प्रोटोकॉल और आदर्श आचार संहिता की धज्जियां उड़ा दी। बिना अनुमति के भीड़ जुटाते हुए सभा की गई।इस दौरान भीड़ ने न तो मास्क लगाया, न ही सामाजिक दूरी का पालन किया गया। उच्चाधिकारियों के …

पीलभीत, अम़ृत विचार। समाजवादी पार्टी के बाद अब भाजपा के मौजूदा विधायक ने अपने कार्यालय उद्घाटन के मौके पर कोविड प्रोटोकॉल और आदर्श आचार संहिता की धज्जियां उड़ा दी। बिना अनुमति के भीड़ जुटाते हुए सभा की गई।इस दौरान भीड़ ने न तो मास्क लगाया, न ही सामाजिक दूरी का पालन किया गया। उच्चाधिकारियों के संज्ञान में पहुंचने के बाद पुलिस हरकत में आई। भाजपा विधायक को नामजद करते हुए 250 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। ठेका पुलिस चौकी के प्रभारी निर्देश सिंह चौहान की ओर से रिपोर्ट दर्ज किए जाने के बाद मामला चर्चा का विषय बना रहा।

भाजपा के मौजूदा विधायक संजय सिंह गंगवार को आगामी विधानसभा चुनाव 2022 में सदर सीट से प्रत्याशी घोषित किया गया है। शहर के मोहल्ला देशनगर में शुक्रवार को चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया जाना था। इसे लेकर पहले से ही तैयारियां की जा चुकी थी। समर्थकों में भी खासा उत्साह था। कार्यालय उद्घाटन के मौके पर भारी संख्या में समर्थक जमा हो गए। आरोप है कि वहां पर विधायक ने सभा भी की। जिसकी कोई अनुमति नहीं ली गई थी, जबकि आचार संहिता लागू हो चुकी है। कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश चुनाव आयोग और प्रशासन की ओर से राजनीतिक दलों संग बैठक कर दिए जा चुके हैं।

उसके बावजूद यहां पर भीड़ बिना मास्क दिखाई थी। सामाजिक दूरी का भी पालन नहीं किया गया। इस बीच किसी ने भीड़ के बीच उड़ाई जा रही आचार संहिता और कोविड प्रोटाेकॉल की धज्जियों का फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। पुलिस अधिकारियों से भी ट्वीट कर शिकायत कर दी गई। जिसके बाद अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। उसके बाद ठेका चौकी इंचार्ज को मौके पर भेजकर छानबीन कराई गई।उसके बाद देर शाम मामले में कानूनी कार्रवाई करा दी गई।

कोतवाली पुलिस ने ठेका चौकी प्रभारी की ओर से धारा 188, 269, 270 आईपीसी के तहत एफआईआर दर्ज की गई। जिसमें विधायक संजय सिंह गंगवार को नामजद किया गया और 250 समर्थकों को अज्ञात बताते हुए आरोपी बनाया गया है। उन पर बिना अनुमति के सभा करने और कोविड प्रोटाेकॉल का उल्लंघन करने के आरोप लगाए गए हैं।

कई घंटे चला मंथन, तब जाकर हो सकी कार्रवाई
इस पूरे मामले में कहीं न कहीं आचार संहिता का पालन कराने के पुलिस के दावे हवाहवाई भी साबित हुए। पुलिस ने विधायक समेत 250 लोगों पर कार्रवाई तो की, लेकिन पूरे प्रकरण को जाना जाए तो पुलिस कई घंटों निष्क्रिय बनी रही थी। या यूं कहें कि मामला मौजूदा विधायक से जुड़ा होने के कारण इसे नजरअंदाज किया जा रहा था।

दरअसल, जिस स्थान पर विधायक के कार्यालय का उद्घाटन किया गया है। वहीं, पर पुलिस ने बिना अनुमति के सभा और कोविड प्रोटोकॉल के उल्लंघन का हवाला भी कर दिया। इस स्थान से ठेका पुलिस चौकी की दूरी महज 100 से 150 मीटर है। खुफिया विभाग का कार्यालय और महिला थाना भी नजदीक में ही है। शुक्रवार को सुबह से ही वाहनों की कतार लग चुकी थी और कार्यकर्ता पहुंचना शुरू भी हो गए थे। इसके बावजूद ठेका चौकी के पुलिसकर्मियों ने विधायक के कार्यालय उदघाटन के दौरान हो रहे नियम उल्लंघन पर कोई ध्यान नहीं दिया।

अगर पुलिसकर्मी चाहते तो हिदायत देकर नियम पालन कराया जा सकता था, लेकिन सब नजरअंदाज करते रहे। बाद में जब अधिकारियों तक मामला पहुंचा और कार्रवाई के निर्देश मिल गए। उस वक्त भी सीओ, कोतवाल के नामांकन ड्यूटी में व्यस्त होने का फायदा उठाते हुए चौकी पुलिस सब कुछ दुरुस्त बताने पर जुटी रही थी। अधिकारियों के निर्देश देने के बाद भी कई घंटों पर चौकी पुलिस कार्रवाई को लेकर सिर्फ मंथन करने में ही जुटी रही। फिलहाल अंत में अधिकारी सख्त हुए तो चौकी इंचार्ज ने अपनी तरफ से तहरीर दी और रिपोर्ट दर्ज कराई जा सकी।

सपा समर्थकों पर भी तीन दिन पहले हो चुकी रिपोर्ट
अभी कुछ दिन पहले ही कोतवाली में समाजवादी पार्टी के 18 नेताओं को नामजद करते हुए 250 अज्ञात समर्थकों पर एफआईआर दर्ज की थी। पूर्व कैबिनेट मंत्री हाजी रियाज अहमद के बेटे डॉ.शाने अली को टिकट न मिलने से नाराज होने पर परिवार के सदस्यों द्वारा आगे की रणनीति बनाने को लॉ कॉलेज में समर्थकों की भीड़ जुटाई गई थी। ये वाक्या लॉ कॉलेज में हुआ था, जहां से महज 50 मीटर पर खकरा पुलिस चौकी है। उसके बाद भी चौकी स्तर से कार्रवाई बाद में हुई, पहले अफसर मौके पर पहुंच गए थे।

आचार संहिता और कोविड प्रोटाेकॉल का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। मामला संज्ञान में आने पर ठेका चौकी इंचार्ज की तरफ से एफआईआ दर्ज की गई है। नियमानुसार आगे कार्रवाई की जाएगी। – हरीश वर्धन सिंह, कोतवाल

संबंधित समाचार