रुद्रपुर: कोहरे का सामना नहीं कर पा रहीं रोडवेज बसों की फॉग लाइटें
रुद्रपुर, अमृत विचार। परिवहन विभाग की बसों में लगीं फॉग लाइटें कोहरे के सामने बेदम साबित हो रही हैं। ये लाइटें कोहरे का सामना तक नहीं कर पा रही हैं। उनकी इस हालत की वजह से यात्री अपनी मंजिल देरी से पहुंच रहे हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि कोहरा घना है, इसलिए यह दिक्कतें …
रुद्रपुर, अमृत विचार। परिवहन विभाग की बसों में लगीं फॉग लाइटें कोहरे के सामने बेदम साबित हो रही हैं। ये लाइटें कोहरे का सामना तक नहीं कर पा रही हैं। उनकी इस हालत की वजह से यात्री अपनी मंजिल देरी से पहुंच रहे हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि कोहरा घना है, इसलिए यह दिक्कतें आ रही हैं।
शनिवार को पटियाला व हरिद्वार की एक-एक बसें करीब पौने दो घंटे व दिल्ली से आने वाली दो बसें डेढ़ घंटे से ज्यादा देरी से पहुंचीं। इन बसों में सवार यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। एक महिला यात्री मीना कुमार निवासी खेड़ा ने बताया कि वह दिल्ली से लौटी थी। कोहरे के कारण बस काफी हल्के चली जिस कारण वह देरी से रुद्रपुर पहुंच पाईं। वहीं, एक दवा की कंपनी में एमआर रितेश कुमार ने बताया कि उन्हें कंपनी की एक मीटिंग को ज्वाइन करना था लेकिन समय पर नहीं पहुंचने की वजह से अब वह उसमें शामिल नहीं हो सकते। इसी तरह कई अन्य यात्रियों को भी दिक्कतें हुईं।
जो बसें लेट हुई हैं, वे तराई क्षेत्र से होकर निकलती हैं। इन क्षेत्रों में काफी कोहरा पड़ता है। फॉग लाइट होने के बावजूद कोहरे का असर रहता है, जिससे बस को धीमी रफ्तार से चलाना पड़ता है। लंबी दूरी की सभी बसों में फॉग लाइटें लगी हैं।
– राकेश कुमार, सहायक महाप्रबंधक
