हल्द्वानी: वेतन तो दिया नहीं, अब खुलावा रहे नए खाते, परिवहन निगम मुख्यालय के आदेश से कर्मचारियों में आक्रोश
हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड परिवहन निगम कर्मचारियों को परेशान करने का कोई मौका नहीं छोड़ रहा है। पहले तो समय से वेतन नहीं देता अब निगम कर्मचारियों को बैंकों के चक्कर कटवा रहा है। निगम मुख्यालय से नए बैंक में खाता खुलवाने का आदेश जारी होने के बाद रोडवेज कर्मचारियों में आक्रोश है। रोडवेज कर्मचारियों …
हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड परिवहन निगम कर्मचारियों को परेशान करने का कोई मौका नहीं छोड़ रहा है। पहले तो समय से वेतन नहीं देता अब निगम कर्मचारियों को बैंकों के चक्कर कटवा रहा है। निगम मुख्यालय से नए बैंक में खाता खुलवाने का आदेश जारी होने के बाद रोडवेज कर्मचारियों में आक्रोश है।
रोडवेज कर्मचारियों ने बताया कि पिछले साल ही कर्मचारियों के वेतन के लिए बैंक में खाता खुलवाया गया था। इस खाते में वेतन भेजा जा रहा था। अब निगम के वित्त नियंत्रक की ओर से प्रदेश भर के मंडलीय प्रबंधक, सहायक महाप्रबंधकों को पत्र जारी कर नये बैंक में खाता खुलवाने के निर्देश दिए हैं। एक फरवरी को इस संबंध में वर्चुअल बैठक बुलाई गई है। इसमें सभी मंडलीय व डिपो अधिकारियों को मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं।
रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के क्षेत्रीय अध्यक्ष जगदीश चंद्र कांडपाल ने परिवहन निगम मुख्यालय के इस फरमान का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिन खातों में वेतन भुगतान हो रहा है, उसी में किया जाए। कहा कि अगर रोडवेज प्रबंधन ने एसबीआई में नया खाता खुलवाने के लिए विवश किया तो कर्मचारी आंदोलन को बाध्य हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि निगम कर्मचारियों को वेतन भुगतान करने के बजाय कर्मचारियों को परेशान कर रहा है।
