हल्द्वानी: तमंचे के बूते दहशत फैलाने वाले पहुंचे सलाखों के पीछे
हल्द्वानी, अमृत विचार। तमंचे के दम पर शहर में दहशत फैलाने वाले दो शातिरों को पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने दो तमंचे और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस को दोनों की लंबे समय से तलाश थी। पुलिस बहुउद्देशीय भवन में पत्रकार वार्ता के …
हल्द्वानी, अमृत विचार। तमंचे के दम पर शहर में दहशत फैलाने वाले दो शातिरों को पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने दो तमंचे और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस को दोनों की लंबे समय से तलाश थी।
पुलिस बहुउद्देशीय भवन में पत्रकार वार्ता के दौरान सीओ सिटी भूपेंद्र धोनी ने बताया कि भोटिया पड़ाव चौकी पुलिस ने रविवार रात गश्त के दौरान नैनीताल रोड में संदिग्धावस्था में खड़े दो युवकों को देखा।
दोनों को जब पूछताछ के लिए पास आने को कहा गया तो दोनों भाग खड़े हुए। जिस पर पुलिस ने दोनों को धर दबोचा। तलाशी में दोनों के पास से 315 बोर के दो तमंचे और तीन जिंदा कारतूस पुलिस ने बरामद किए। सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी ने बताया कि पकड़े गये अभियुक्त गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर निवासी वसुंधरा कॉलोनी धानमिल के पास से 315 बोर का तमंचा, दो जिन्दा कारतूस व एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जबकि अमन कुमार निवासी जमरानी कॉलोनी दमुवाढूंगा के कब्जे से एक देसी तमंचा व एक जिंदा कारतूस के अलावा एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
दोनों ने पुलिस को बताया कि वह उक्त तमंचे अपने आस-पास के लोगों को डराने-धमकाने के लिए रखते हैं। अक्कू ठाकुर ने बीते वर्ष 27 अप्रैल को एसआर पेट्रोल पंप नवाबी रोड पर दीपक भोज के साथ मारपीट की। बीते वर्ष पांच मार्च को कलावती चौराहा पर अपने साथियों के साथ फायरिंग की। बीते वर्ष 13 दिसंबर को अक्कू ठाकुर व अमन ने अभिषेक गोस्वामी के साथ एमबीपीजी डिग्री कॉलेज परिसर में मारपीट व गाली गलौज की थी। पुलिस ने अभियुक्तों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। पुलिस टीम में भोटिया पड़ाव चौकी प्रभारी प्रकाश पोखरियाल, एसआई रविन्द्र सिंह राणा, कांस्टेबल संजय नेगी व सन्तोष बिष्ट थे।
