UP Election 2022: आजमगढ़ सदर का किला तोड़ने के लिए भाजपा ने कसी कमर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आजमगढ़। समाजवादी पार्टी (सपा) के अभेद्य दुर्ग के तौर पर मानी जाने वाली आजमगढ़ सदर विधानसभा पर भगवा फहराने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कमर कस ली है। आजमगढ़ सदर विधानसभा सीट पर आजादी के बाद कुल 16 बार हुए विधानसभा चुनाव में से आठ बार समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक और पूर्व मंत्री …

आजमगढ़। समाजवादी पार्टी (सपा) के अभेद्य दुर्ग के तौर पर मानी जाने वाली आजमगढ़ सदर विधानसभा पर भगवा फहराने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कमर कस ली है। आजमगढ़ सदर विधानसभा सीट पर आजादी के बाद कुल 16 बार हुए विधानसभा चुनाव में से आठ बार समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक और पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव ने विजय पताका लहरायी है।

सपा इस सीट को अभेद्य किले के रूप में देखती है जिसे ध्वस्त करने के लिए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और कांग्रेस ने नए चेहरों को सियासी संग्राम में उतारा है वहीं भाजपा अपने पुराने चेहरे अखिलेश मिश्रा उर्फ गुड्डू पर भरोसा कर किसी भी तरह इस सीट पर काबिज होने की जुगत लगा रही है।

कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रवीण सिंह यहां अपनी पार्टी के उम्मीदवार है वहीं बसपा ने शिक्षा व अन्य व्यवसायों से जुड़े सुशील कुमार सिंह को प्रत्याशी बनाया है। जातीय समीकरण की बात करें तो भाजपा,कांग्रेस और बसपा ने इस सीट पर अगड़ा वर्ग को तरजीह दी है जबकि सपा ने पहले की तरह अपने पिछड़े कार्ड पर भरोसा जताया है।

विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की कुल संख्या तीन लाख 94 हजार 169 है, जिसमें एक लाख 87 हज़ार 278 महिला मतदाता हैं।

यहां सर्वाधिक संख्या में पिछड़ी जाति अनुसूचित जाति और अल्पसंख्यक मतों की संख्या है ,जिसमें एक अनुमान के मुताबिक लगभग 60000 अनुसूचित जाति, 70000 यादव, 10,000 मौर्य 10,000 निषाद 10,000 पासी 25000 ब्राह्मण 30,000 छत्रिय 40000 वैश्य 10,000 भूमिहार 15000 कायस्थ 30,000 मुसलमान 16000 चौहान के अलावा अन्य जातियां हैं ।

भाजपा प्रत्याशी अखिलेश मिश्रा उर्फ गुड्डू मतदाताओं से सरकार की योजनाओं से मिलने वाले लाभ की दुहाई देते हुये वोट की अपील कर रहे है। उनका कहना है कि सरकारी योजनाओं का लाभ पहली बार गरीबों तक सीधे मिला है। चाहे अनाज रहा हो या उज्जवला गैस, आयुष्मान कार्ड या फिर आवास,इसके अलावा सदर विधानसभा क्षेत्र में विश्वविद्यालय की शिलान्यास कर पार्टी ने शैक्षिक क्षेत्र में बड़ा विकास किया है।

अपराधियों ने या तो प्रदेश छोड़ दिया है या तो जेल की सलाखों में हैं। आतंकवाद का प्रमुख सेंटर बन चुकी आजमगढ़ को प्रदेश सरकार ने आतंकवादी गतिविधियों से मुक्त कराया है। 2017 के चुनाव में गुड्डू को 26000 से अधिक मतों से हार मिली थी।

सपा विधायक दुर्गा प्रसाद यादव ने दावा किया कि आजमगढ़ में जो भी विकास हुआ है,वह सपा के कार्यकाल में हुआ। बंद पड़ी चीनी मिल को सपा ने चालू करवाया। चिकित्सा के क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज की स्थापना सपा के कार्यकाल में हुई। कृषि महाविद्यालय खोला गया। शहर के बीचोबीच बृहद स्तर पर महिला अस्पताल खुला ।

पूरे शहर का सड़कों का चौड़ीकरण कर आवागमन ठीक किया गया। 1994 में समाजवादी पार्टी की सरकार ने ही आजमगढ़ को मंडल का दर्जा दिया गया। समाजवादी पार्टी ने आजमगढ़ में विकास की झड़ी लगा दी है। कोई दल उसका मुकाबला नहीं कर सकता।

पढ़ें- बहराइच: मानसिक रोगी का अपहरण कर जमीन का कराया बैनामा, पुलिस नहीं दर्ज कर रही केस

संबंधित समाचार