हल्द्वानी: सुरंगों की जांच कर किया भू-गर्भीय विश्लेषण
हल्द्वानी, अमृत विचार। जमरानी प्रोजेक्ट का विदेशी विशेषज्ञों द्वारा दूसरे दिन भी सर्वे किया गया। विदेशी टीम ने मंगलवार को बांध स्थल पर बनी चार सुरंगों का निरीक्षण व भू-गर्भीय विश्लेषण किया। मंगलवार की सुबह यूनाइटेड किंगडम के बांध विशेषज्ञ क्विंटिन, फ्रांस के जल विज्ञान विशेषज्ञ फिलिक्स व स्पेन के जियोलॉजिस्ट सिल्वियू स्थानीय अधिकारियों के …
हल्द्वानी, अमृत विचार। जमरानी प्रोजेक्ट का विदेशी विशेषज्ञों द्वारा दूसरे दिन भी सर्वे किया गया। विदेशी टीम ने मंगलवार को बांध स्थल पर बनी चार सुरंगों का निरीक्षण व भू-गर्भीय विश्लेषण किया।
मंगलवार की सुबह यूनाइटेड किंगडम के बांध विशेषज्ञ क्विंटिन, फ्रांस के जल विज्ञान विशेषज्ञ फिलिक्स व स्पेन के जियोलॉजिस्ट सिल्वियू स्थानीय अधिकारियों के साथ बांध स्थल पर पहुंचे। यहां सभी ने पहले नदी पार की। इसके बाद बांध स्थल पर बनी सुरंगों का निरीक्षण किया। इसके बाद सभी बॉक्स लाइब्रेरी पहुंचे।
यहां पर उन्होंने ड्रिल होल के सैंपल देखे व उनकी तकनीकी जानकारी ली। यहां से टीम अपस्ट्रीम की ओर बढ़ी। यहां साखुला स्लाइड को देखा। साथ ही बांध निर्माण योजना से संबंधित पहलुओं पर चर्चा की। इसके बाद सभी पस्तोला के निकट स्लाइड को देखने के लिए पहुंचे। साथ ही गोला में मिलने वाले नाले बाराझाला, नौकुचियाताल, भीमताल व बलिया, नैनीताल का नाला भी देखा। परियोजना से संबंधित अमृतपुर स्थित कालोनी का भी निरीक्षण किया। इसके बाद टीम वापस हल्द्वानी के लिए लौटी।
टीम के साथ जमरानी प्रोजेक्ट के महाप्रबंधक प्रशांत विश्नोई, उप महाप्रबंधक मो. जावेद अनवर, ललित कुमार, बीबी पांडे, परियोजना प्रबंधक संजय कुमार सिंह, पंकज ढौंढियाल, प्रतिभा शंकर संत, हिमांश पंत, अजय पंत, सहायक परियोजना प्रबंधक शाह नवाज, सिद्धार्थ पुष्कर, हाईड्रोलॉजिस्ट एके गोयल, जियोलॉजिस्ट एनके माथुर, डिजाइनर एचके साहू, दिपांशु राठौर, सृष्टि दुबे, समीक्षा त्रिपाठी आदि मौजूद रहीं।
