मुरादाबाद : बूंदाबांदी ने बढ़ाई ठंड, शीतलहर में ठिठुरे लोग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। मुरादाबाद में शीतलहर का प्रकोप जारी है। गुरुवार को अचानक मौसम ने करवट ली और आसमान में बादल छा गए। बाद में बूंदाबांदी शुरू हो गई। जिससे ठंड बढ़ गई। हल्की-हल्की बूंदाबांदी ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया। बहुत कम लोग आवश्यक कार्य के लिए ही घरों से बाहर …

मुरादाबाद,अमृत विचार। मुरादाबाद में शीतलहर का प्रकोप जारी है। गुरुवार को अचानक मौसम ने करवट ली और आसमान में बादल छा गए। बाद में बूंदाबांदी शुरू हो गई। जिससे ठंड बढ़ गई। हल्की-हल्की बूंदाबांदी ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया। बहुत कम लोग आवश्यक कार्य के लिए ही घरों से बाहर निकले। मौसम विभाग की मानें तो गुरुवार को 25 मिलीमीटर और शुक्रवार को पांच मिलीमीटर बारिश होगी।

फरवरी शुरू हो गया है पर सर्दी का सितम जारी है। शीतलहर तेज और गलन बरकरार है। पहाड़ों पर गिरी बर्फ पिघलने के कारण पश्चिमी विक्षोभ से चलने वाली हवा सर्द हो उठी है। इस बार सर्दी पिछले कई सालों का रिकॉर्ड तोड़ रही है। गलन और ठंड का आलम यह है कि दिन में लोग कंबल ओढ़कर वाहन चलाते नजर आते हैं। इसके अलावा किसी दिन सुबह से चलने वाली सर्द हवा लोगों को ठिठुराने के साथ अलाव जलाने के लिए मजबूर कर रही है। हालांकि कुछ दिनों से दिन में मौसम कुछ राहत दे रहा है। इसकी वजह है कुछ घंटे निकलने वाली धूप। बुधवार को भी दिन की शुरुआत गलन और सर्द हवा के साथ हुई। दोपहर को मौसम ने कुछ करवट बदली तो कुछ देर के लिए धूप निकल आई, जिसके चलते सड़कों पर चहलकदमी बढ़ी। पार्कों में भी लोग धूप सेकते देखे गए। लेकिन, शाम चार बजे फिर मौसम सर्द हो उठा। मौसम वैज्ञानिकों ने तीन और चार फरवरी को बारिश के आसार बताए हैं।

ठंड में बसों का संचालन कम होने से यात्री परेशान
ठंड के मौसम में रोडवेज द्वारा बसों का संचालन कम होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रात के समय यात्री बाहर से आने वाली बसों में ही सफर करने को मजबूर हैं। काफी दिनों से लगातार बढ़ रही ठंड के मद्देनजर रोडवेज विभाग ने बसों का संचालन कम कर दिया है। रोडवेज विभाग द्वारा सिर्फ नियमित समय से चलने वाली बसों का संचालन किया जा रहा है, जिसमें भी यात्रियों की संख्या 15-20 होती है। वहीं, रात 10 बजे के बाद बस अड्डे पर सन्नाटा पसर जाता है। मुरादाबदा डिपो बस अड्डे पर काफी कम संख्या में कुछ लोकल यात्री दिखाई देते हैं। रात में कोई यात्री दिल्ली, हरिद्वार जाने वाले पहुंच जाते हैं तो उन्हें लखनऊ, कानपुर, बरेली व उत्तराखंड की ओर से आने वाली बसों का इंतजार करना पड़ता है।

यात्रियों की कमी के चलते कम की बसों की संख्या
मुरादाबाद डिपो एआरएम सोमपाल सिंह ने बताया कि बढ़ती ठंड के चलते यात्रियों की संख्या काफी कम हो गई है, जिसके चलते बसों का संचालन कम कर दिया गया है। बढ़ती ठंड के कारण दिन-रात में सवारियां पूरी नहीं हो पा रही हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों की संख्या बढ़ते ही कम की गईं बसों का संचालन दोबारा से शुरू कर दिया जाएगा।

अभी कुछ दिन कोहरा बना रहेगा। अधिकतम तापमान में आंशिक वृद्धि होगी। रात के न्यूनतम तापमान में गिरावट हो सकती है। गुरुवार को 25 मिलीमीटर और शुक्रवार को पांच मिलीमीटर बारिश होगी। -डॉ. आरके सिंह, मौसम वैज्ञानिक

संबंधित समाचार