मुरादाबाद : पुलिस की पहल, सड़कों पर गूंजेगा चेतावनी भरा ऑडियो संदेश
मुरादाबाद/अमृत विचार। विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्वक निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस की कवायद जारी है। आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर कार्रवाई करने के साथ ही अतिसंवेदनशील गांवों व मोहल्लों में लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है। पुलिस की इस कवायद के बीच अधिकारियों ने एक और तरीका निकाला है। …
मुरादाबाद/अमृत विचार। विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्वक निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस की कवायद जारी है। आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर कार्रवाई करने के साथ ही अतिसंवेदनशील गांवों व मोहल्लों में लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है। पुलिस की इस कवायद के बीच अधिकारियों ने एक और तरीका निकाला है। इस तरीके से जहां पुलिस द्वारा अपराधियों को चेतावनी दी जाएगी, वहीं शत-प्रतिशत मतदान और कोविड नियमों का पालन करने की अपील करेगी। इसके लिए पुलिस ने एक ऑडियो संदेश जारी किया है। जल्द ही यह संदेश पुलिस की गाड़ियों के साथ प्रमुख चौराहों व मार्गों पर लगे लाउडस्पीकर के जरिए आपको जिले की सड़कों पर सुनाई देगा। मंडल में दूसरे चरण में विधानसभा चुनाव होना है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद मंडल को मिलेंगी कई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की सौगात
यह चुनाव शांतिपूर्वक निपटाने के लिए खाकी की तैयारी भी पूरी है। वल्नरेबुल और क्रिटिकल बूथों का चयन करने के साथ ही वहां पर पैरा मिलिट्री फोर्स लगाने की तैयारी है। इन बूथों की ओर जाने वाले रास्तों पर रहने वाले अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की निगहबानी की जा रही है। पुलिस ने अभी तक करीब 40 हजार आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए पाबंद कर दिया है।
ये भी पढ़ें : एसईजेड से बढ़ेगा शहर का जलवा
दरोगा नरेंद्र सिंह की आवाज में रिकॉर्ड किया गया है मैसेज
इस कवायद के बीच पुलिस अधिकारियों ने एक और प्लान तैयार किया है। इस प्लान में एक ओर आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को चेतावनी दी जाएगी, वहीं दूसरी ओर जनता से शत-प्रतिशत मतदान और कोविड नियमों का पालन करने की अपील भी की जाएगी। साथ ही मतदाताओं को भरोसा दिया जाएगा कि पुलिस हर वक्त आपके साथ है। लिहाजा निर्भीक होकर मतदान करें। इसके लिए पुलिस ने एक ऑडियो संदेश तैयार किया है। इस संदेश को आवाज दी है कटघर थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह ने। उनकी आवाज में तैयार किया गया यह ऑडियो जल्द ही जिले की सड़कों से लेकर प्रमुख चौराहों व स्थलों में सुनाई देगा। जिले में चल रही सभी पीआरवी वाहन, थाने व पुलिस के अन्य वाहन में लाउड स्पीकर के जरिए यह संदेश सुनाया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न चौराहे, बाजार और सार्वजनिक स्थल आदि 68 स्थानों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के तहत यह ऑडियो बजाया जाएगा।
मतदाताओं को जागरूक करने के साथ ही अपराधियों को चेतावनी देने के लिए यह ऑडियो संदेश तैयार करवाया गया है। जल्द ही यह संदेश जनपद की सड़कों पर सुनाई देगा। -बबलू कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक
ये भी पढ़ें : चुनावी मुद्दा : आश्वासन देकर कई पहुंचे राजधानी, चौड़ा पुल बना यक्ष पश्न
