मुरादाबाद : ‘जो कहा वह किया, जो कहेंगे वह करेंगे’

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद/कांठ, अमृत विचार।  प्रदेश में एक बार फिर से कमल खिलने जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार के कार्य को आप सभी लोग अच्छी तरह जानते हैं। यकीन दिलाने आया हूं कि पार्टी आपके भरोसे पर खरा उतरती है। दावा किया कि भाजपा ने …

मुरादाबाद/कांठ, अमृत विचार।  प्रदेश में एक बार फिर से कमल खिलने जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार के कार्य को आप सभी लोग अच्छी तरह जानते हैं। यकीन दिलाने आया हूं कि पार्टी आपके भरोसे पर खरा उतरती है। दावा किया कि भाजपा ने जो कहा, वह कर के दिखाया है। अब जो कह रही है वह भी करेगी। यह बात गुरुवार को क्षेत्र के महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज में प्रत्याशी राजेश कुमार सिंह चुन्नू के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कही।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान, बंग्लादेश में रहने वाले अल्पसंख्यकों को नागरिकों का अधिकार, जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाना और अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का जारी निर्माण प्रकरण बानगी है। भाजपा के कार्यकाल में क्षेत्रीय जनता को भरपूर बिजली, कोरोना संक्रमण के बावजूद गरीब लोगों को मकान, माह में दो बार मुफ्त राशन, प्रत्येक गांव की महिलाओं को एलपीजी गैस के कनेक्शन दिए गए।

उन्होंने दावा किया कि गरीब लोगों के खातों में धन देने के साथ सभी को न्याय दिलाने का कार्य भी सरकार ने किया है। प्रदेश में सर्वाधिक विकास कार्य कराए गए हैं। इसलिए क्षेत्रीय जनता ने दोबारा भाजपा की सरकार बनाने का मन बना लिया है। क्योंकि सपा, बसपा प्रदेश को जाति और धर्म के आधार पर विभाजित करना चाहती हैं। कांग्रेस का कोई मतलब नहीं बचा है।

रक्षा मंत्री के पहुंचने पर भाजपा के जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान, एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त, क्षेत्रीय विधायक राजेश कुमार सिंह उर्फ चुन्नू, चौधरी विक्रांत सिंह, विधानसभा प्रभारी ओमप्रकाश गोला, जिला महामंत्री राजन विश्नोई, मुकेश माहेश्वरी, अजय विश्नोई, हेमंत चौधरी, निरुपम विश्नोई, मधु चौहान, प्रधानाचार्य मदन सिंह, राजपाल सिंह प्रजापति, जीवन पाल सिंह ने उन्हें गुलाब के फूल भेंट कर स्वागत किया।

संबंधित समाचार