टनकपुर: भारी बर्फबारी के बीच फंसी गर्भवती, च‍ंपावत पुलिस बनी देवदूत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

टनकपुर, अमृत विचार। कुमाऊं में दो दिन से भारी बर्फबारी और बारिश हो रही है। ऐसे में जहां जनजीवन अस्तव्यस्त है और लोग बहुत आवश्यक होने पर ही घरों से निकल रहे हैं तो वहीं, उत्तराखंड पुलिस और एसडीआरएफ अपने कर्तव्य को सजगता से निभा रही है। राज्य में पिछले 24 घंटे में दो ऐसे …

टनकपुर, अमृत विचार। कुमाऊं में दो दिन से भारी बर्फबारी और बारिश हो रही है। ऐसे में जहां जनजीवन अस्तव्यस्त है और लोग बहुत आवश्यक होने पर ही घरों से निकल रहे हैं तो वहीं, उत्तराखंड पुलिस और एसडीआरएफ अपने कर्तव्य को सजगता से निभा रही है। राज्य में पिछले 24 घंटे में दो ऐसे मामले सामने आए, जब पुलिस और एसडीआरएफ ने अपने मित्र पुलिस के कथन को सार्थक किया। डीजीपी अशोक कुमार ने पुलिस और एसडीआरएफ के कार्यों की सराहना की है।

जनपद चम्पावत में पिछले 2 दिन से लगातार हो रही भारी बारिश व बर्फबारी के कारण जनपद के अधिकांश लिंक मार्ग बन्द हो गए हैं। इसके कारण लोगों को आवाजाही में खासी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। शुक्रवार तड़के करीब 4:30 बजे पुलिस हेल्पलाइन 112 द्वारा सूचना मिली कि थाना लोहाघाट क्षेत्र के ग्राम गलचौड़ा के पास 108 एम्बुलेंस भारी बर्फ में फंस गई है। इसमें एक गर्भवती महिला है।

सूचना पर उप निरीक्षक गोविंद सिंह बिष्ट अपने साथी कांस्टेबल विक्रम सिंह, दीपक कुमार के साथ मौके के लिये रवाना हुये। घटनास्थल सात किलोमीटर दूर होने तथा मार्ग भारी बर्फबारी से बंद होने के कारण पुलिस टीम दोपहिया वाहन व पैदल घटनास्थल पर पहुंची। इस दौरान पुलिस टीम ने पीडब्ल्यूडी से सम्पर्क कर जेसीबी से मार्ग खोलने के प्रयास किये लेकिन इस दौरान जेसीबी खराब हो गई। इसके बाद दो अन्य जेसीबी से मार्ग खोलने के प्रयास किये गए।

इधर, मौके पर बर्फ अधिक होने व तत्काल कोई अन्य सहायता नहीं पहुंच पाई तो अधिक पीड़ा होने के कारण गर्भवती का 108 एम्बुलेंस में मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों की सहायता से सफल प्रसव कराया गया। महिला द्वारा एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया गया। इस दौरान पुलिस टीम द्वारा भारी मशक्कत के बाद मार्ग खुलवाकर तथा जगह-जगह पर शिफ्ट कर जच्चा बच्चा दोनों को चिकित्सा के लिए लोहाघाट अस्पताल भिजवाया गया। जच्चा बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। गर्भवती की जान बचाए जाने पर महिला के परिजनों व क्षेत्र के लोगों ने पुलिस टीम के साथ स्वास्थ्य कर्मचारियों का आभार जताया।

संबंधित समाचार