रामपुर: 25 हजार के इनामी पूर्व चेयरमैन अजहर की तलाश में पुलिस का छापा
रामपुर, अमृत विचार। फरार चल रहे नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन 25 हजार के इनामी अजहर अहमद खां के पत्नी और बच्चों से मिलने आने की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा और पूर्व चेयरमैन के साले को थाने लाकर पूछताछ की। नगर पालिका की मौजूदा चेयरमैन और अजहर खां की पत्नी फातिमा बी ने …
रामपुर, अमृत विचार। फरार चल रहे नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन 25 हजार के इनामी अजहर अहमद खां के पत्नी और बच्चों से मिलने आने की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा और पूर्व चेयरमैन के साले को थाने लाकर पूछताछ की। नगर पालिका की मौजूदा चेयरमैन और अजहर खां की पत्नी फातिमा बी ने पुलिस की इस कार्रवाई को उत्पीड़न और परेशान करने वाला बताया है।
गंज थाना क्षेत्र के पंखेवालान निवासी फातिमा जबी रामपुर नगर पालिका की मौजूदा चेयरमैन हैं जबकि उनके पति अजहर अहमद खां पूर्व चेयरमैन रहे हैं। साथ ही सपा सांसद आजम खां के करीबियों में जाने जाते हैं। सपा सरकार जाने के बाद सूबे में आई भाजपा सरकार ने आजम खां सहित सभी उनके करीबियों पर उनके द्वारा किए गए गलत कार्यों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया था।
मौजूद समय में सपा सांसद आजम खां दो साल से सीतापुर जेल में हैं। जबकि पूर्व पालिका चेयरमैन अजहर खां करीब दो साल से फरार चल रहे हैं। पुलिस लगातार उनको तलाश कर रही है। दो रोज पहले भी पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी पूर्व चेयरमैन मशहूर अभियुक्त अजहर अपनी ससुराल आया है, उसके बाद गंज पुलिस ने उसकी ससुराल में छापा मारा, उनके साले को पुलिस थाने ले आई थी। कुछ देर तक पूछताछ करने के बाद पुलिस ने छोड़ दिया था।
वहीं दूसरी ओर पालिका चेयरमैन फातिमा जबी ने आरोप लगाया कि पुलिस उनके परिवार को परेशान कर रही है।
25 हजार रुपये का इनाम हो चुका घोषित
पूर्व पालिका चेयरमैन अजहर करीब दो साल से फरार चल रहे हैं। पुलिस अधीक्षक द्वारा उन पर 25 हजार का इनाम घोषित किया जा चुका है उसके बाद से पुलिस लगातार उनके ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं आ रहे। पुलिस उनके घर की कुर्की तक कर चुकी है।अजहर अहमद खां पर सिविल लाइन, गंज और कोतवाली में उन पर 19 मुकदमें दर्ज हैं।
पालिका चेयरमैन द्वारा पुलिस पर लगाए जा रहे आरोप गलत हैं। महिला का पति कई मुकदमों में फरार चल रहा है। जानकारी मिली थी कि महिला का पति उसके भाइयों से मिलने आया है। इस संबंध में उनको लाकर पूछताछ की गई थी।
—डा.संसार सिंह,एएसपी
