लखनऊ के 114 क्षेत्रों में रहता है दबंगों का बोलबाला, पैरामिलिट्री की कड़ी सुरक्षा में पड़ेगा वोट
लखनऊ। चुनाव आयोग के निर्देश पर पुलिस और प्रशासन ने लखनऊ में 1197 ऐसे लोगों को चिन्हित किया है जिनका वोट कई साल से दबंग लाठी के जोर पर छीन ले रहे थे। इस बार इन दयनीय मतदाताओं का वोट पैरामिलिट्री की कड़ी सुरक्षा घेरे में पड़ेगा। प्रदेश भर में ऐसे वोटरों के अधिकार को …
लखनऊ। चुनाव आयोग के निर्देश पर पुलिस और प्रशासन ने लखनऊ में 1197 ऐसे लोगों को चिन्हित किया है जिनका वोट कई साल से दबंग लाठी के जोर पर छीन ले रहे थे। इस बार इन दयनीय मतदाताओं का वोट पैरामिलिट्री की कड़ी सुरक्षा घेरे में पड़ेगा। प्रदेश भर में ऐसे वोटरों के अधिकार को सुरक्षित करने के लिए आयोग ने पोलिंग बूथों को गंभीर और दयनीय की कैटेगरी में बांटा है।
सुरक्षित वोट डलवाने के लिए प्रयास कर रहा प्रशासन
सुरक्षित और शत प्रतिशत मतदान के लिए अबतक पोलिंग बूथों को संवेदनशील और अतिसंवेदनशील की कैटेगरी में रखकर सुरक्षा के इंतजाम किए जाते थे। संवेदनशील की श्रेणी में वो बूथ होते थे जहां मारपीट, बलवा या दंगे की संभावना होती थी। अतिसंवेदनशील बूथ वो होते थे जिनपर दबंगो का कब्जा रहता था।
इस बार आयोग ने इस व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। आपराधिक गतिविधियों और बूथ कैप्चरिंग के मामलों का अध्ययन करके मतदान केंद्रों को (Critical) गंभीर और (Vulnerable) दयनीय की श्रेणी में बांटा गया है।
114 क्षेत्र में रहता है दबंगों का बोलबाला
चुनाव आयोग के निर्देश पर हुए सर्वे में पाया गया कि लखनऊ के 114 ऐसे मतदान केंद्र हैं जहाँ दबंगों का बोलबाला रहता था। यहाँ किसी वर्ग विशेष की बहुलता की वजह से कुछ लोग वोट डालने से वंचित रह जाते थे या लाठी के जोर पर उनका वोट छीन लिया जाता था। इस क्षेत्र में 1197 ऐसे लोगों को चिन्हित भी किया गया जो मताधिकार से वंचित थे। इस क्षेत्र को दयनीय की श्रेणी में रखा गया हैं। इन वंचितों का वोट डलवाने के लिए पैरा मिलिट्री के जवान उन्हें घर से बूथ तक लेकर जाएंगे।
331 बूथों पर मारपीट, बलवा की बनी रहती है आशंका
आयोग के सर्वे में 128 सेंटर के 331 ऐसे बूथ चिन्हित किये गए जहाँ पिछले कई चुनावों में मारपीट, बलवा और दंगे हो चुके हैं। यहाँ राजनीतिक लोगों के गुंडे माहौल बिगाड़ने के लिए आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते हैं। इस क्षेत्र को (Critical) गम्भीर की श्रेणी में रखा गया है।
इस बार यहां केंद्रीय सुरक्षाबलों के जवान आधुनिक हथियारों से लैस होकर चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेंगे। हर तरफ सीसीटीवी कैमरे निगरानी करेंगे और ड्रोन से भी नजर रखी जाएगी।
1779 हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी कर रही है पुलिस
शांतिपूर्ण मतदान के लिए पुलिस ने कार्रवाई भी शुरू कर दी हैं। चुनाव की घोषणा के साथ ही सक्रिय हुई पुलिस ने 78 बड़े अपराधियों के खिलाफ गैंगेस्टर की कार्रवाई करके इनमें से 67 को जिला बदर कर दिया है। चुनाव में गड़बड़ी की आशंका वाले 407 अराजकतत्वों को पाबन्द किया जा चुका है।
1779 हिस्ट्रीशीटरों की सूची तैयार की गई है जिसमे 150 इस वक़्त लखनऊ में एक्टिव हैं। हालांकि पुलिस सभी 1779 की सर्विलांस की मदद से निगरानी कर रही है।
यह भी पढ़ें: बरेली: ’21 DOWNTOWN’ के डाउन होने की क्या है कहानी, BDA ने क्यों किया ध्वस्त?
