हल्द्वानी: धूप से मिली राहत, शाम होते ही लुढ़का पारा… नौ फरवरी से फिर से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
हल्द्वानी, अमृत विचार। पश्चिमी विक्षोभ हटने के बाद हल्द्वानी में धूप खिलने से लोगों को काफी राहत मिली है। हालांकि शीतलहर भी चलती रही। इधर शाम होते ही ठंड फिर से बढ़ गई। जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड झेलनी पड़ी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार नौ फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ फिर से सक्रिय होगा और …
हल्द्वानी, अमृत विचार। पश्चिमी विक्षोभ हटने के बाद हल्द्वानी में धूप खिलने से लोगों को काफी राहत मिली है। हालांकि शीतलहर भी चलती रही। इधर शाम होते ही ठंड फिर से बढ़ गई। जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड झेलनी पड़ी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार नौ फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ फिर से सक्रिय होगा और बारिश-बर्फबारी होने के आसार बनेंगे।
हल्द्वानी में इस समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। यहां रविवार को अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य से पांच डिग्री कम है। साथ ही न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री दर्ज किया गया है। यह सामान्य से एक डिग्री कम था। हल्द्वानी में रविवार को धूप भी खिली। इससे लोगों को ठंड से कुछ निजात भी मिली। लोगों ने गुनगुनी धूप का आनंद लिया। हालांकि शाम के दौरान पारा फिर से गिरने लगा। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान अभी और भी गिरेगा।
इधर नैनीताल में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। यहां ऊंचाई वाले इलाकों में अभी भी बर्फ जमी हुई है। नैनीताल में अधिकतम तापमान 20 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया है। इधर मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 12 डिग्री और न्यूनतम तापमान माइनस 0.6 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार उत्तराखंड में शीत दिवस की स्थिति बनी रहेगी। पहाड़ों में जमकर बर्फबारी हुई है। साथ ही उत्तर पश्चिमी हवा चल रही है। पहाड़ और मैदान सभी जगह तापमान में गिरावट होगी। मैदानी इलाकों में कोहरा छाया रहेगा। ठंड से जल्द निजात मिलती भी नहीं दिख रही है।
