बरेली: बसों के इंतजार में दिनभर परेशान रहे यात्री
बरेली, अमृत विचार। रोडवेज बस अड्डों पर रविवार को भी सैकड़ों यात्रियों को बसों का इंतजार करना पड़ा। मायूस लोग बसों के इंतजार में घंटों तक खड़े रहे। चालक- परिचालकों ने बताया कि पहले चरण के मतदान के लिए अलग-अलग जिलों में बसों को भेजा गया है इसलिए बसों की कमी आ गई है। बताया …
बरेली, अमृत विचार। रोडवेज बस अड्डों पर रविवार को भी सैकड़ों यात्रियों को बसों का इंतजार करना पड़ा। मायूस लोग बसों के इंतजार में घंटों तक खड़े रहे। चालक- परिचालकों ने बताया कि पहले चरण के मतदान के लिए अलग-अलग जिलों में बसों को भेजा गया है इसलिए बसों की कमी आ गई है। बताया जा रहा है कि जब तक रोडवेज की बसे वापस नहीं आएंगी तब तक बसों की किल्लत बरकरार रहेगी।
विधानसभा चुनाव में पहले चरण के तहत होने वाले मतदान के लिए बसें जाने के बाद यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। सेटेलाइट और पुराने रोडवेज बस अड्डे पर रविवार को यात्री घंटों बैठकर बस का इंतजार करते रहे। 10 फरवरी को विधानसभा चुनाव का पहला चरण है। इसके लिए अब तक मंडल से 107 बसें रवाना हो चुकी हैं। जिसके चलते बसों के इंतजार में यात्री परेशान नजर आए। हालांकि रोडवेज अधिकारी लगातार पर्याप्त बसें होने की बात कह रहे हैं लेकिन उनका दावा नाकाफी साबित हुआ।
मेरठ, अलीगढ़, आगरा और अन्य स्थानों के रूट पर जाने वाले यात्रियों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा। बस अड्डे पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने से अफरातफरी का माहौल नजर आया। जब भी बस आती, आपाधापी के माहौल में यात्री उसमें सवार हो जाते हैं।
डेढ़ घंटे से सेटेलाइट बस अड्डे पर बस आने का इंतजार कर रहा हूं। साथ में कई लोग और भी हैं। मेरठ जाना है, लेकिन बस नहीं आई है। बस अड्डे पर जिम्मेदार बसों के चुनाव में जाने की बात कह रहे हैं। –नन्हे, यात्री
पीलीभीत की बस का इंतजार करते हुए कई घंटे हो चुके हैं। जिसके चलते परेशान हैं। कई बार काउंटर पर जाकर पता कर लिया है। मगर कोई बताने वाला नहीं है कि बस कितने समय आएगी। प्रिंस सक्सेना, यात्री
