कन्नौज: फसल की रखवाली करता रहा किसान, चोर घर से ले उड़े माल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज। अन्ना जानवरों से फसले बचाने के लिए एक किसान रात में खेत पर निगरानी करता रहा, उधर घर में घुसे चोरों ने जेवर व नगदी पार कर दी। घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तहरीर लेकर घटना की पडताल शुरू कर दी है। सदर कोतवाली क्षेत्र …

कन्नौज। अन्ना जानवरों से फसले बचाने के लिए एक किसान रात में खेत पर निगरानी करता रहा, उधर घर में घुसे चोरों ने जेवर व नगदी पार कर दी। घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तहरीर लेकर घटना की पडताल शुरू कर दी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के सदिकापुर गांव निवासी किसान पंकज कुमार अन्ना जानवरों से फसल को बचाने के लिए खेत पर ही रात गुजारते हैं। वह हर रात की तरह रविवार रात भी खेत पर थे। घर पर उनकी बुजुर्ग मां थी।

इस बीच चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया और कमरे में घुस कर बक्से व अलमारी का लॉक तोड़ दिया। चोरों ने सोने-चांदी के जेवर पार कर दिए। तडके पंकज घर पहुंचा तो कमरे में सामान तितर-बितर देखा। पास में ही बक्से का टूटा हुआ ताला पड़ा था। जिसे देख कर उसके होश उड गए। पीड़त किसान ने यूपी 112 पर फोन कर पुलिस को घटना की सूचना दी। घटना की जानकारी मिलने पर गांव पहुंचे पुलिस कर्मियों को किसान ने तहरीर देकर कार्रवाही की मांग की। उधर तहरीर के आधार पर पुलिस पड़ताल में जुट गई।

किसान पंकज ने बताया कि मकान निर्माण के लिए 50 हजार रूपए नगद रखे हुए थे। इसके अलावा सोने के दो हार, सोने की जंजीर, पायल समेत जो भी आभूषण रखे हुए थे, उन्हें चोर चुरा ले गए। बताया कि इस समय किसानों को विकट परिस्थितियों से गुजरना पड़ रहा है। रात में खेत फसल की रखवाली करने के लिए खेत पर जाओ तो घर में चोरी हो जाती हैं और यदि घर में रूको तो आवारा जानवरों के झुंड फसल चट कर देते हैं।

रात होते ही सड़क से गायब हो जाते पुलिस कर्मी

कानून व्यवस्था के चुस्त-दुरुस्त होने के चाहे जितने दावे किए जाते हों, लेकिन हकीकत तो यह है कि अफसरों की सुस्ती का पुलिस कर्मी भरपूर फायदा उठा रहे हैं। रात होते ही गश्त करने की वजाय पुलिस कर्मी सडकों से गायब हो जाते हैं और यही वजह है कि जिले में अपराधी सक्रिय हो गए हैं। शाम होते ही नशेबाजों की टोलियां सडकों पर निकलने लगीं हैं। शोर-शराबा और हो-हल्ला करते हुए राह चलते लोगों से अभद्रता करते हैं। पुलिस की सुस्ती के कारण चोरियां बढ़ गई हैं।

यह भी पढ़ें:-कानपुर: सराफा व्यापारी के यहां आयकर का छापा, मिली तीन करोड़ की अघोषित संपत्ति

संबंधित समाचार