भारत ने संबंधों को प्रगाढ़ बनाने के लिए अमेरिका के मेयर, गवर्नर से की बातचीत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वाशिंगटन। अमेरिका में भारत के राजदूत तरणजीत सिंह संधू ने लोगों के बीच आपसी संबंधों और स्थानीय स्तर पर संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से देशभर के स्थानीय मेयर और गवर्नर के साथ संवाद बढ़ाया है। भारत सरकार की यह नीति घरेलू तथा राष्ट्रीय राजनीति में शक्तिशाली महानगरों न्यूयॉर्क, लॉस एंजिलिस और शिकागो में …

वाशिंगटन। अमेरिका में भारत के राजदूत तरणजीत सिंह संधू ने लोगों के बीच आपसी संबंधों और स्थानीय स्तर पर संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से देशभर के स्थानीय मेयर और गवर्नर के साथ संवाद बढ़ाया है। भारत सरकार की यह नीति घरेलू तथा राष्ट्रीय राजनीति में शक्तिशाली महानगरों न्यूयॉर्क, लॉस एंजिलिस और शिकागो में निर्वाचित प्रतिनिधियों के बढ़ते दबदबे के संदर्भ में महत्वपूर्ण है।

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने लॉस एंजिलिस शहर के मेयर एरिक गार्सेटी को भारत में अपना राजदूत नामित किया है। पिछले पखवाड़े में ही संधू ने तीन प्रमुख मेयर से मुलाकात की। इसके अलावा उन्होंने अमेरिकी प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों तथा 40 से अधिक राज्यों के गवर्नर से मुलाकात की। भारतीय राजनयिक मिशन और राजदूत स्थानीय प्रशासनों तक पहुंच बनाने के लिए विशेष प्रयास कर रहे हैं। पिछले महीने संधू ने न्यूयॉर्क के मेयर एरिक एडम्स से मुलाकात की थी।

बीस से अधिक वर्षों से कानून और व्यवस्था के अधिकारी अफ्रीकी मूल के अमेरिकी नागरिक एडम्स ने मेयर पद के चुनाव में ऐतिहासिक जीत हासिल की थी। एडम्स सुर्खियों में तब आए थे, जब राष्ट्रपति बाइडेन मेयर की मौजूदगी में कानून तथा व्यवस्था पर अपनी नीतियों का आगाज करने के लिए न्यूयॉर्क आए थे। संधू ने 30 जनवरी को मेयर एडम्स से मुलाकात की और उन्हें न्यूयॉर्क शहर के मेयर के तौर पर ऐतिहासिक चुनाव जीतने पर बधाई दी। दोनों ने भारत और न्यूयॉर्क शहर के बीच मजबूत भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा की थी।

भारतीय राजदूत ने न्यू जर्सी में एडिसन शहर के मेयर सामिप जोशी से भी मुलाकात की, जिनका नाता गुजरात के शिवराजपुर से है। एडिसन में भारतीय अमेरिकी, खासतौर से गुजरात के लोगों की आबादी बहुत ज्यादा है। इसके अलावा संधू ने सिनसिनाटी शहर के मेयर आफताब पुरेवल से भी मुलाकात की। वह सिनसिनाटी का मेयर बनने वाले पहले भारतीय मूल के उम्मीदवार हैं। पुरेवल के पिता पंजाब से हैं और मां तिब्बत की हैं।

संबंधित समाचार