हल्द्वानी: हरदा के समर्थन में यूथ कांग्रेस ने किया रोड शो, पूर्व मंत्री दुर्गापाल ने की मार्मिक अपील
हल्द्वानी, अमृत विचार। पूर्व मुख्यमंत्री और लालकुआं से कांग्रेस प्रत्याशी हरीश रावत के समर्थन में शनिवार को यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बरेली रोड में रोड शो किया। रोड शो में उमड़ी भारी भीड़ का रावत ने अभिवादन स्वीकार करते हुए वोट की अपील की। इधर, पूर्व मंत्री हरीश दुर्गापाल ने भी हरीश रावत के समर्थन …
हल्द्वानी, अमृत विचार। पूर्व मुख्यमंत्री और लालकुआं से कांग्रेस प्रत्याशी हरीश रावत के समर्थन में शनिवार को यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बरेली रोड में रोड शो किया। रोड शो में उमड़ी भारी भीड़ का रावत ने अभिवादन स्वीकार करते हुए वोट की अपील की। इधर, पूर्व मंत्री हरीश दुर्गापाल ने भी हरीश रावत के समर्थन में भावुक अपील की।

बड़ी संख्या में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता मंडी के पास एकत्र हुए। यहां से वह कांग्रेस पार्टी और हरीश रावत के नारों की गूंज के साथ उन्हें लेकर तीनपानी की ओर निकले। यहां से मोटाहल्दू, हल्दूचौड़ होते हुए लालकुआं तक पहुंचे। सैकड़ों की संख्या में उमड़े कार्यकर्ताओं का जोश देखने लायक था। इस दौरान समर्थकों ने कहा कि हरीश रावत जी की एकतरफा जीत है। यहां की जनता उन्हें विधायक के साथ भावी मुख्यमंत्री के रूप में देख रही है। कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की जनता से आह्वान किया कि वह यह मौका अपने हाथ से किसी हाल में जाने ना दें। कार्यकर्ताओं ने कहा कि हरीश रावत के विधायक और मुख्यमंत्री बनते ही लालकुआं क्षेत्र की सारी समस्याओं का निराकरण होगा। रैली में सैकड़ों की संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इधर, पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश दुर्गापाल ने पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रत्याशी हरीश रावत को जिताने के लिए मार्मिक अपील की है। उनका कहना है कि मैं आज इसलिए भावुक हो रहा हूं कि कांग्रेस पार्टी ने हमें एक ऐसे नेता को इस विधानसभा की सेवा के लिए भेजा है जिनकी हमें अत्यंत आवश्यकता है। मुझे उनकी आवश्यकता है, आप सबको उनकी आवश्यकता है। पूरे उत्तराखंड को आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव हरीश रावत का ही नहीं बल्कि हरीश दुर्गापाल, हरेंद्र बोरा, पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं समेत मातृशक्ति, युवा शक्ति समेत सबका है।
