मुरादाबाद : महानगर को जाम में ‘फंसाकर’ पोलिंग पार्टियां हुई रवाना
मुरादाबाद, अमृत विचार। आखिरकार वही हुआ जिसका अंदेशा जताया जा रहा था, विधानसभा चुनाव में नामांकन कराने के लिए रवाना होने वाली पोलिंग पार्टियों ने महानगर को जाम में फंसा दिया। मंडी समिति और सर्किट हाउस के पीछे वाले मैदान से रवाना होने वाली पार्टियों ने दिल्ली रोड को पूरी तरह से जाम की गिरफ्त …
मुरादाबाद, अमृत विचार। आखिरकार वही हुआ जिसका अंदेशा जताया जा रहा था, विधानसभा चुनाव में नामांकन कराने के लिए रवाना होने वाली पोलिंग पार्टियों ने महानगर को जाम में फंसा दिया। मंडी समिति और सर्किट हाउस के पीछे वाले मैदान से रवाना होने वाली पार्टियों ने दिल्ली रोड को पूरी तरह से जाम की गिरफ्त में ला दिया। कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगी तो सिविल लाइंस क्षेत्र की सड़कें भी जाम की गिरफ्त में आ गई। रही-सही कसर पुलिस लाइन से रवाना होने वाली फोर्स ने पूरी कर दी। दिन भर पुलिस कर्मी जाम खुलवाने के लिए जूझते रहे।
विधानसभा चुनाव में सोमवार को दूसरे चरण में मंडल में मतदान होना है। जिले की छह विधानसभा सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए रविवार को पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। देहात की चार विधानसभा चुनाव के लिए सर्किट हाउस के पीछे के मैदान से और मुरादाबाद सदर व देहात के लिए मंडी समिति से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। रविवार को होने वाली रवानगी के मद्देनजर दिन निकलने के साथ ही कर्मचारी पहुंचने लगे।
पीठासीन अधिकारी द्वारा ईवीएम मशीन को चेक करने के बाद पोलिंग पार्टियों को विधानसभा वार बसों से रवाना कर दिया गया। रवानगी शुरू होने के साथ ही महानगर में जाम के हालात बनने शुरू हो गए। कुछ देर में ही दिल्ली रोड पूरी तरह से जाम की गिरफ्त में आ गया। रूट डायवर्जन का प्लान न होने के कारण जाम बढ़कर रेलवे स्टेशन तक पहुंच गया। आनन-फानन में एक्टिव हुई पुलिस ने वाहनों को दूसरे रूट से गुजारकर जाम खुलवाने का काम शुरू किया। इस दौरान पुलिस लाइन से फोर्स को लेकर निकलने वाले वाहनों ने सिविल लाइंस क्षेत्र को भी जाम की गिरफ्त में ला दिया। हालात यह हो गए कि दिल्ली व कांठ रोड से निकलना दुश्वार हो गया। कुछ किलोमीटर की दूरी तय करने में वाहन चालकों के पसीने छूट गए। दिन भर महानगर की सड़कों पर वाहन रेंग-रेंग कर चलते नजर आए।
