Vinod Mehra Birthday: महज 45 साल की उम्र में चल बसे थे विनोद मेहरा, कुछ ऐसा रहा एक्टर का सफर
बॉलीवुड जगत के मशहूर अभिनेता विनोद मेहरा की आज 77वीं बर्थ एनिवर्सरी है। उनका जन्म 13 फरवरी, 1945 को अमृतसर, पंजाब में हुआ था। महज 45 साल की उम्र में ही उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया था। विनोद मेहरा ने 60 के दशक में करियर की शुरुआत की थी, हालांकि फिल्मी करियर बेहद ही …
बॉलीवुड जगत के मशहूर अभिनेता विनोद मेहरा की आज 77वीं बर्थ एनिवर्सरी है। उनका जन्म 13 फरवरी, 1945 को अमृतसर, पंजाब में हुआ था। महज 45 साल की उम्र में ही उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया था। विनोद मेहरा ने 60 के दशक में करियर की शुरुआत की थी, हालांकि फिल्मी करियर बेहद ही छोटा था इतने छोटे करियर में भी उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बना ली। वे अपनी प्रोफेशनल लाइफ से ज्यादा पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में रहे। विनोद ने कुल 4 शादियां की थीं। तो आइये आज उनके जन्मदिन के मौके पर उनकी जिंदगी से जुड़ी कुछ खास बातों के बारे में बात करते हैं। 30 अक्टूबर 1990 को हार्ट अटैक की वजह से उनका निधन हो गया था।
विनोद मेहरा अपने करियर की शुरुआत बतौर चाइल्ड एक्टर की थी। विनोद मेहरा की उम्र उस समय महज 13 साल की थी जब उन्हें फिल्म रागिनी में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट काम करने का मौका मिला था। 70-80 के दशक में बॉलीवुड पर छाए कई ऐसी हस्तियों के बीच जगह बना पाना इतना आसान नहीं था, लेकिन विनोद ने इन सब के बीच अपनी अलग पहचान बनाई, हर तरफ उनकी ही चर्चा थी। प्रतियोगिता की इस दौड़ में विनोद मेहरा राजेश खन्ना के बाद दूसरे स्थान पर रहे। विनोद मेहरा ने सिरफिरा, इंसानियत, पत्थर के फूल, प्यासा सावन, नौकर बीबी का, द बर्निंग ट्रेन, जैसी तमाम हिट फिल्मों में काम किया।
अगर बात करें विनोद मेहरा की पर्सनल लाइफ के बारे में तो वो भी काफी उतार-चढ़ाव से भरी रही है। हालांकि उनके लव अफेयर्स के किस्से भी कम नहीं रहे। विनोद मेहरा की पहली शादी मीना ब्रोका से हुई थी। कहते हैं उस दौरान विनोद मेहरा को हार्ट अटैक आया था और उसी दौरान दोनों के रिश्ते में दरार आ गई थी।
इसके बाद उनकी लाइफ में बिंदिया गोस्वामी आई। दोनों ने शादी कर ली लेकिन ये रिश्ता सिर्फ 4 साल चला और फिर दोनों अलग हो गए। विनोद मेहरा से अलग होकर बिंदिया ने फिल्म मेकर जेपी दत्ता से शादी कर ली।
दूसरी ओर बिंदिया से रिश्ता टूटने के बाद विनोद मेहरा ने किरण से शादी की।
किरण से उन्हें बेटी सोनिया और बेटा रोहन हैं।

रेखा के साथ भी विनोद मेहरा का लंबा रिश्ता रहा। अपने फिल्मी करियर में उन्होंने अभिनेत्री रेखा के साथ 10 फिल्में कीं, जिसके बाद दोनों में काफी नजदीकियां बढ़ गईं और वो रिलेशनशिप में आ गए। कहते हैं दोनों ने शादी भी कर ली थी लेकिन विनोद की मां को ये रिश्ता पसंद नहीं था और फिर उनकी शादी टूट गई थी। हालांकि एक इंटरव्यू में रेखा ने विनोद मेहरा के साथ शादी की बात से इंकार किया था।

