हल्द्वानी: रोडवेज बसों के अधिग्रहण से यात्री परेशान, टैक्सी चालकों ने वसूला मनमाना किराया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। रोडवेज और केमू की बसें चुनाव ड्यूटी में लगाई गईं हैं। ऐसे में दूसरे दिन रविवार को भी हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन में यात्री बसों में सीट पाने के लिए जूझते दिखाई दिए। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों के लिए एक भी बस नहीं मिली। बस न मिलने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना …

हल्द्वानी, अमृत विचार। रोडवेज और केमू की बसें चुनाव ड्यूटी में लगाई गईं हैं। ऐसे में दूसरे दिन रविवार को भी हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन में यात्री बसों में सीट पाने के लिए जूझते दिखाई दिए। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों के लिए एक भी बस नहीं मिली। बस न मिलने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्री घंटों इंतजार करते हुए इधर-उधर भटकते रहे।

इधर, टैक्सियों को भी अधिग्रहित करने से यात्रियों पर दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। लेकिन कुछ टैक्सी चालक इस बात का फायदा उठाते हुए लोगों से मनमाना किराया वसूल रहे हैं। मजबूरी में लोग ज्यादा किराया देकर यात्रा कर रहे हैं। परिवहन विभाग ने चुनाव ड्यूटी के लिए पूरे कुमाऊं से पहाड़ी रूटों की करीब 370 निजी व 200 रोडवेज बसों को अधिग्रहित किया है।

टैक्सी चालक वसूल रहे महंगा किराया
बसों के अलावा टैक्सी और जीपों को चुनाव ड्यूटी के लिए अधिग्रहित किया गया है। ऐसे में टैक्सी संचालन भी प्रभावित है। लेकिन बसें न होने पर कुछ टैक्सी चालक लोगों को परेशानी में देख मनमाना किराया वसूल रहे हैं। यात्रियों ने बताया कि सामान्य दिनों में 100 रुपये टैक्सी का किराया लिया जाता है, लेकिन आजकल चालक उनसे 500 रुपये तक प्रति व्यक्ति किराया मांग रहे हैं।

संबंधित समाचार