हल्द्वानी: दावे धड़ाम, बुजुर्गों व दिव्यांगों को नहीं मिले डाक मतपत्र

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। निर्वाचन आयोग ने दावा किया था कि इस बार 80 वर्ष से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों के साथ ही दिव्यांगों को उनके घर पर डाक मतपत्र की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अगर वह मतदान केंद्र पर आकर मत देना चाहेंगे तो उनको लाने-ले जाने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए दावे भी …

हल्द्वानी, अमृत विचार। निर्वाचन आयोग ने दावा किया था कि इस बार 80 वर्ष से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों के साथ ही दिव्यांगों को उनके घर पर डाक मतपत्र की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अगर वह मतदान केंद्र पर आकर मत देना चाहेंगे तो उनको लाने-ले जाने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए दावे भी बहुत किए गए लेकिन ये दावे धरातल पर कितने उतरे। यह मतदान दिवस पर दिखा। तमाम मतदान केंद्रों पर बुजुर्ग व दिव्यांग अपने संसाधनों से ही आकर मतदान करते दिखे।

इस बार चुनाव आयोग ने अलग से व्यवस्था की थी। इसमें तय किया गया था कि 80 वर्ष से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों को घर पर ही डाक मतपत्र के जरिए मतदान की व्यवस्था की जाएगी। अगर वह मतदान केंद्र पर आकर अपना वोट डालना आना चाहेंगे तो उन्हें बूथ पर लाने व घर तक छोड़ने की व्यवस्था की जाएगी।

दिव्यांगों को भी ऐसी ही सुविधा देने की बात कही गई थी। संबंधित बीएलओ को इसकी जिम्मेदारी दी गई थी। इसके लिए बाकायदा टीमों को लगाया गया था लेकिन दूसरी सरकारी योजनाओं की तरह यह योजना भी धड़ाम हो गई। तमाम मतदान केंद्रों पर ऐसे बुजुर्ग व दिव्यांग मिले जो अपने संसाधनों से मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे।

बनभूलपुरा में 82वर्षीय कौसर जहां को अपने नाती कुर्सी पर बैठाकर उठाकर मतदान केंद्र तक लाए। मोहसिन व शाकिर का कहना था कि उनकी दादी की सुध लेने कोई भी सरकारी नुमाइंदा नहीं आया। 82 वर्षीय शमशु अहमद ने बताया कि मेरे से किसी ने भी संपर्क नहीं किया। दमुवाढूंगा निवासी दिव्यांग कमल जोशी का कहना था उन्हें कोई भी मिलने नहीं आया।

सेल्फी प्वाइंट बनाएं, लेकिन मोबाइल फोन ले जाने से रोका
हल्द्वानी। प्रशासन की ओर से सखी बूथों व आदर्श बूथ बनाए गए थे। इन बूथों पर सेल्फी प्वाइंट बनाए गए थे। दावा था कि इससे मतदान को बढ़ावा दिया जाएगा, लेकिन हुआ इसका उलटा। निर्वाचन आयोग की ओर से मतदान केंद्रों में मोबाइल ले जाने पर मनाही थी। इसके चलते पुलिसकर्मियों ने कई लोगों को मोबाइल ले जाने से ही रोक दिया। इसके चलते सेल्फी प्वाइंट खाली पड़े रह गए।

संबंधित समाचार