रामपुर : सैफनी में दंपति को गन प्वाइंट पर बंधक बना सवा लाख लूटे
रामपुर/सैफनी, अमृत विचार। दीवार फांदकर घर के अंदर घुसे तीन बदमाशों ने परिवार को मारपीट के बाद गन प्वाइंट पर लेकर नकदी सोने, चांदी के जेवर समेत सवा लाख रुपए का माल लूटकर ले गए। बदमाशों के जाने के बाद गृह स्वामी ने मोहल्ले में शोर-शराबा किया जिसके बाद मौके पर जमा लोगों ने पुलिस …
रामपुर/सैफनी, अमृत विचार। दीवार फांदकर घर के अंदर घुसे तीन बदमाशों ने परिवार को मारपीट के बाद गन प्वाइंट पर लेकर नकदी सोने, चांदी के जेवर समेत सवा लाख रुपए का माल लूटकर ले गए। बदमाशों के जाने के बाद गृह स्वामी ने मोहल्ले में शोर-शराबा किया जिसके बाद मौके पर जमा लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी एकत्रित की।मामले की जांच शुरू कर दी है।
रविवार की रात नगर से सटे भजनपुर गांव निवासी याकूब पुत्र निसार अपनी पत्नी हाजरा के साथ घर के बरामदे में सोया हुआ था जबकि याकूब की 60 वर्षीय भाभी तलीमन व उसकी विवाहित भतीजी रायमीन अपने 4 माह के पुत्र और उसकी एक पुत्री घर के एक कमरे में सोई हुई थी। रात करीब 2 बजे के समय एक बदमाश दीवार फांदकर घर में घुस आया। घर के मैन गेट का दरवाजा खोलकर बाहर खड़े अपने दो अपने साथियों को तमंचे सहित घर में दाखिल करा दिया।
इस दौरान आवाज होने पर हाजरा की आंख खुल गई,हाजरा के चीखनें पर याकूब ने उठकर बदमाश के पास को जाने की कोशिश की। लेकिन एक बदमाश ने याकूब के पेट में लात मारकर गिरा दिया।बदमाशों ने दंपति को गन प्वाइंट पर लेकर चारपाई पर बंधक बना दिया।एक बदमाश को उनकी निगरानी के लिए खड़ा कर दिया। इस दौरान बदमाशों ने जबरन डरा धमकाकर कमरे में लेटे लोगों से दरवाजा खुलवा लिया।
कमरे में घुसकर बदमाशों ने वृद्धा तलीमन व रायमीन को गन प्वाइंट पर लेकर तमंचे की बट से मारपीट कर दी। जिसके बाद बदमाश 38 हजार की नकदी व सोने,चांदी के जेवर समेत करीब सवा लाख रुपए के माल को लूटकर तो नाम बताने की धमकी देकर फरार हो गए। कुछ देर बाद परिवार के लोगों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी एकत्रित की है।
ममता के आगे बेबस हुई मां
कमरे के अंदर अपने बच्चे के साथ सोई हुई मां ने बताया कि पहले तो बदमाशों ने सभी लोगों से मोबाइल फोन छीनकर अपने कब्जे में कर लिए। जिसके बाद बदमाश मारपीट करके घर में रखे माल के बारे में पूछने लगे। रायमीन ने जब बताने में आनाकानी की तो बदमाशों ने गुस्से में उसके 4 माह के मासूम बच्चे को दबोच लिया। उसके बाद बदमाशों ने उस पर तमंचा तान दिया।जिसके बाद महिला घबरा गई। अपने बच्चे को बचाने के लिए उसने बदमाशों को सब कुछ बता दिया।बताया कि बदमाशों ने लूटपाट करने तक बच्चे को अपने कब्जे में ही रखा।
बदमाशों ने आधे घंटे तक मचाया उत्पात
लूट का शिकार हुए लोगों ने बताया कि बदमाश सबके साथ बुरी तरह मारपीट कर रहे थे। जिससे पूरा परिवार सहम गया। जिसने भी विरोध किया बदमाशों ने उसे तमंचे की बट से पीटकर शांत करा दिया और करीब आधा घंटे तक घर में लूटपाट कर उत्पात मचाते रहे।
