रुद्रपुर: बाइक पर आए बदमाशों ने व्यापारी के घर के बाहर की फायरिंग, दहशत
रुद्रपुर, अमृत विचार। आधी रात एक व्यापारी के घर के सामने गोली चला दी गई। बाइक से आए बदमाशों ने गोली चलाने के बाद व्यापारी को कॉल कर धमकाया भी। व्यापारी ने इस मामले में पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए कॉल की सीडीआर और सीसीटीवी कैमरे की मदद से …
रुद्रपुर, अमृत विचार। आधी रात एक व्यापारी के घर के सामने गोली चला दी गई। बाइक से आए बदमाशों ने गोली चलाने के बाद व्यापारी को कॉल कर धमकाया भी। व्यापारी ने इस मामले में पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए कॉल की सीडीआर और सीसीटीवी कैमरे की मदद से आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार में गुप्ता मेडिकल वाली गली निवासी ट्रेडर्स स्वामी सत्यपाल चोपड़ा ने तहरीर में बताया कि 11 फरवरी की रात साढे़ 12 बजे उनके घर के सामने एक गोली की आवाज सुनाई दी। गोली चलने के चंद मिनट बाद ही एक अज्ञात युवक की कॉल आई। उसने घर के सामने गोली चलाने की बात को स्वीकारते हुए धमकी दी।
आरोप है कि जब फायर करने का कारण पूछा तो आरोपी ने दिन दहाड़े गोली मारने की भी धमकी दी। जब दोबारा कॉल की तो मोबाइल बंद आया। व्यापारी ने बताया कि जब घर पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो उसमें स्कूटी पर सवार दो युवक दिखाई दे रहे हैं। जिसमें पीछे बैठे एक युवक घर के सामने फायर करता हुआ दिख रहा है। व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
व्यापारी के घर के सामने हुई फायरिंग मामले में फिलहाल रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कॉल की सीडीआर के अलावा सीसीटीवी के आधार पर युवक की पहचान की जा रही है। आरोपी को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
– विक्रम राठौर, कोतवाली प्रभारी
