मुरादाबाद: दुकान में जैकेट छोड़ गया चोर, पहचान के बाद खूब हुई धुनाई
मुरादाबाद, अमृत विचार। थाने से चंद कदमों की दूरी पर स्थित किराना स्टोर की टिन काटकर चोर नगदी समेत हजारों रुपये का माल चुराकर ले गए। जल्दबाजी में चोरों की जैकेट दुकान में ही छूट गई। इसी जैकेट के जरिए दुकानदार चोर तक पहुंच गया, उसे पकड़ कर जमकर धुनाई की और फिर पुलिस के …
मुरादाबाद, अमृत विचार। थाने से चंद कदमों की दूरी पर स्थित किराना स्टोर की टिन काटकर चोर नगदी समेत हजारों रुपये का माल चुराकर ले गए। जल्दबाजी में चोरों की जैकेट दुकान में ही छूट गई। इसी जैकेट के जरिए दुकानदार चोर तक पहुंच गया, उसे पकड़ कर जमकर धुनाई की और फिर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। अब पुलिस पकड़े गए चोर के अन्य साथियों की तलाश कर रही है। गांव मूंढापांडे निवासी महेश कुमार का थाने के पास ही किराना स्टोर है। मंगलवार की शाम वह दुकान बंद करके घर चले गए थे। उनके जाने के बाद चोरों ने टिन काटकर उनकी दुकान में कूमल लगा दिया और अंदर रखे करीब सात हजार रुपये और अन्य सामान समेट लिए।
करीब साढ़े नौ बजे दुकानदार महेश कुमार खाना खाकर टहलते हुए दुकान पर पहुंचे तो कूमल लगा देखकर सन्न रह गए। अंदर जाकर देखा तो चोरों की जैकेट मिली। इसके आधार पर वह चोर अंकुर गिरी तक पहुंच गए। महेश ने आरोपी को उसके घर से दबोच लिया। जमकर धुनाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। इंस्पेक्टर मूंढापांडे संजय पांचाल ने बताया कि अंकुर गिरी ने घटना का इकबाल करते हुए अपने अन्य साथियों के नाम-पते भी पुलिस को बताए हैं। उनकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
