नैनीताल: कड़ाके की ठंड के बाद भीषण गर्मी के लिए रहें तैयार, मार्च शुरू होते ही बढ़ेगा तापमान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नैनीताल, अमृत विचार। इस बार सर्दियों के मौसम में कड़ाके की ठंड पड़ी है। पिछले कुछ दिनों से ठंड से राहत मिली है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि मार्च शुरू होने के साथ ही गर्मी बढ़ने लगेगी। इस बार भीषण गर्मी पड़ने के आसार हैं। सर्दियों के मौसम में इस बार असमान्य ठंड …

नैनीताल, अमृत विचार। इस बार सर्दियों के मौसम में कड़ाके की ठंड पड़ी है। पिछले कुछ दिनों से ठंड से राहत मिली है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि मार्च शुरू होने के साथ ही गर्मी बढ़ने लगेगी। इस बार भीषण गर्मी पड़ने के आसार हैं। सर्दियों के मौसम में इस बार असमान्य ठंड से लोगों को जूझना पड़ा।

पश्चिमी विक्षोभ की अधिक सक्रियता की वजह से इस बार बारिश और बर्फबारी जमकर हुई है, जिस वजह से पहाड़ से लेकर मैदान तक लोग ठंड से परेशान रहे। मौसम विभाग का कहना है कि इस बार मार्च शुरू होते ही गर्मी भी बढ़ जाएगी। तापमान में बढ़ोत्तरी होगी, जिससे लोगों को गर्मी से जूझना पड़ेगा। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक कहा कि अगले माह से मौसम में तेजी से बदलाव की संभावना है।

मौसम विज्ञानी बिक्रम सिंह ने बताया कि मार्च शुरू होने के साथ तापमान भी बढ़ने लगेगा। हल्द्वानी में अधिकतम तापमान 25 से 26 डिग्री के आसपास पहुंच जाएगा। न्यूनतम तापमान 14 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। पर्यटक नगरी नैनीताल में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 16 और 10 डिग्री सेल्सियस पहुंचने की संभावना है।

इधर, हल्द्वानी में सुबह से ही चटख धूप खिल रही है। यहां पर मौसम शुष्क बना हुआ है। दिन के समय तापमान में बढ़ोत्तरी हो रही है। साथ ही ठंड भी कम हो रही है। लोग दिन के समय गुनगुनी धूप का आनंद ले रहे हैं। हालांकि रात के समय ठंड बढ़ रही है। रात के समय यहां तापमान कम दर्ज किया जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि कुमाऊं में पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक असर बना हुआ है।

मौसम विभाग ने मंगलवार को पिथौरागढ़ जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में कहीं-कहीं पर हल्की से बहुत हल्की बारिश और कुछ जगहों पर हिमपात होने की संभावना जताई है। कुमाऊं मंडल के शेष जिलों में मौसम साफ रहने के साथ धूप खिली रहने की संभावना है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि 19 फरवरी तक कुमाऊं मंडल में मौसम शुष्क बने रहने के आसार हैं। फिलहाल मौसम में कोई खास बदलाव नहीं आएगा।

हल्द्वानी में अधिकतम तापमान 24 डिग्री के आसपास चल रहा है। न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री रहेगा। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 12 डिग्री और न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 21 फरवरी को मौसम में बदलाव हो सकता है और कुछ पहाड़ी इलाकों में बारिश हो सकती है।

पहाड़ी इलाकों में मौसम खुशनुमा

अमृत विचार। जिले के पहाड़ी इलाकों में सुबह चटख धूप खिली।हालांकि दोपहर बाद हल्के बादल छाए रहे। पहाड़ी इलाकों में बुधवार को धूप-छांव का खेल जारी रहा। धूप खिलने से लोगों को ठंड से थोड़ा राहत मिली। वहीं, इन दिनों पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम खुशनुमा बना हुआ है। बुधवार को नैनीताल, भवाली, मुक्तेश्वर, रामगढ़ आदि इलाकों में धूप खिली रही।

स्थानीय और पर्यटक सुबह के समय गुनगुनी धूप का आनंद लेते दिखे। वहीं, दोपहर बाद इन इलाकों में हल्के बादल छाए रहे। जिले के पहाड़ी इलाकों में रोजाना मौसम का मिजाज बदल रहा है। इधर, गागर, रामगढ़, भवाली आदि इलाकों में पाला गिरने से सुबह कड़ाके की ठंड जारी है। पाला गिरने से लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

संबंधित समाचार