रामपुर : मिलक में दिव्यांग दुकानदार की गोली मारकर हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मिलक/रामपुर/अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार रात अज्ञात बदमाशों ने दिव्यांग दुकानदार की गोली मारकर हत्याकर दी। दिव्यांग दुकानदार की हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंचे पुलिस के आला अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया है। पुलिस ने मां की तहरीर के आधार पर अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। …

मिलक/रामपुर/अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार रात अज्ञात बदमाशों ने दिव्यांग दुकानदार की गोली मारकर हत्याकर दी। दिव्यांग दुकानदार की हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंचे पुलिस के आला अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया है। पुलिस ने मां की तहरीर के आधार पर अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। हत्या क्यों की गई, हत्यारे कौन थे इसकी पुलिस जांच कर रही है।

घटना क्षेत्र के हाइवे स्थित नगला उदई गांव को जाने वाले चौराहे की है। नगला उदई गांव निवासी 40 साल का दिव्यांग सर्वेश मौर्य उर्फ जैन की चौराहे पर ही चाय एवं मोबाइल रिचार्ज व मोबाइल बेकिंग की दुकान है। सर्वेश दिन रात अपनी दुकान में ही रहता था। प्रतिदिन सुबह शाम उसकी मां दुकान पर ही उसका भोजन पहुंचा दिया करती थी। रात को भी सर्वेश दुकान में ही सो जाता था।

गुरुवार की मध्य रात्रि में अज्ञात बदमाशों ने सर्वेश के कनपटी पर गोली मारकर हत्या कर दी। शुक्रवार को सुबह पड़ोसी दुकानदार विजयपाल जब अपनी दुकान में झाड़ू लगाने के लिए झाड़ू लेने सर्वेश की दुकान के अंदर पहुंचा तो सर्वेश अपनी दुकान में चारपाई पर रजाई ओढ़कर सोया हुआ था। आवाज देने पर सर्वेश नहीं जागा तो विजयपाल ने रजाई हटाकर देखा तो सर्वेश खून में लथपथ चारपाई पर मृत अवस्था में पड़ा था। सर्वेश का शव देखकर विजयपाल के पैरों तले जमीन खिसक गई।

आनन-फानन में विजयपाल ने घटना की सूचना ग्रामीणों तथा पुलिस को दी। तत्काल मौके पर सीओ धर्मसिंह मार्छाल ने घटना स्थल का जायजा लिया। परिजनों से घटना की जानकारी ली। सूचना पर एएसपी डा. संसार सिंह भी पहुंच गए। घटनास्थल का जायजा लेकर आवश्यक कार्यवाही में जुट गए। फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से ब्लू प्रिंट के सबूत एकत्रित किए। पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने भी घटना स्थल का जायजा लिया।संबंधित अधिकारियों को घटना के जल्द खुलासे को आवयशक दिशा निर्देश दिए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। दिव्यांग दुकानदार की मौत से घर में कोहराम मचा गया। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद मृतक सर्वेश का शव गांव पहुंचा। परिजनों ने मृतक सर्वेश का अंतिम संस्कार कर दिया।

न लूट न रंजिश फिर क्यों मारा सर्वेश को जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार सर्वेश की हत्या के दौरान कोई लूट नहीं हुई। दुकान के गल्ले में रखे सभी रुपये सुरक्षित हैं। सर्वेश तीन मोबाइलों से रिचार्ज करता था। आधार कार्ड से लोगों को रुपये भी निकाल कर देता था। तीनों मोबाइल भी दुकान में ही बरामद हुए हैं। वहीं परिजनों ने भी किसी से कोई दुश्मनी होने से भी इंकार किया है। ग्रामीणों का कहना है कि सर्वेश बहुत ही सरल स्वभाव और ईमानदार व्यक्ति था। वह दुकान पर रहकर ही अपने परिवार का पालन पोषण करता था। सर्वेश का किसी से कोई लड़ाई झगड़ा भी नहीं हुआ। सीओ धर्मसिंह मार्छाल ने बताया कि घटना का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस जांच में जुट गई है। मृतक की मां की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ कोतवाली मिलक में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।

दिव्यांग की शादी नहीं हुई थी
अज्ञात हत्यारों का शिकार हुआ 40 साल का सर्वेश दाएं पैर से विकलांग है। वह अभी तक अविवाहित है जबकि सर्वेश का छोटा भाई विवाहित है। वह बाहर रहकर मजदूरी करता है। छोटे भाई की पत्नी एवं बच्चे गांव में ही मां के साथ रह रहे हैं।

फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से ब्लू प्रिंट के सबूत एकत्रित किए हैं। हत्या का केस दर्ज करके विवेचना की जा रही है, जल्द घटना का खुलासा कर लिया जाएगा। -डा. संसार सिंह एएसपी

 

संबंधित समाचार