अमरोहा: छह चोरियों का खुलासा, गैंग के पांच सदस्य गिरफ्तार
अमरोहा, अमृत विचार। वाहन चेकिंग के दौरान शहर कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चोर गैंग के पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से चोरी के मोबाइल, उपकरण, नगदी व तीन चाकू बरामद किए हैं। इन्होंने पिछले दिनों क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं को कबूला है। पुलिस …
अमरोहा, अमृत विचार। वाहन चेकिंग के दौरान शहर कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चोर गैंग के पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से चोरी के मोबाइल, उपकरण, नगदी व तीन चाकू बरामद किए हैं। इन्होंने पिछले दिनों क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं को कबूला है। पुलिस ने आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया है।
एसपी पूनम के निर्देशन में वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। रविवार को नगर कोवताली पुलिस की टीम सुबह करीब छह बजे अतरासी पुल के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान संदिग्ध कार को पुलिस ने रोक लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने तरमेश पुत्र सुखदेव सिंह निवासी ग्राम गुमशानी थाना बाजपुर, अकरम पुत्र हनीफ निवासी रामपुर, राजू पुत्र जयपाल निवासी ढकिया थाना काशीपुर, राजन पुत्र बनारसीलाल व वरूण उपाध्याय निवासी मोहल्ला मायापुरी गजरौला को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से तीन चाकू, मोबाइल उपकरण, कार, ड्राइफ्रूट समेत नगदी बरामद की है। सीओ सिटी वीके राणा ने बताया कि पकड़े गए सभी आरोपी शातिर किस्म के चोर हैं। जिन पर मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया है।
इन चोरी की घटनाओं को दिया अंजाम
सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि पुलिस को इस चोर गैंग की काफी दिनों से तालाश थी। गैंग ने क्षेत्र में कई चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। उन्होंने बताया कि अक्टूबर महीने के आखिरी सप्ताह में इन्होंने अमरोहा-जोया रोड पुल के नीचे मोबाइल की दुकान की दीवार काटकर चोरी की थी। वहीं करीब एक सप्ताह पहले डिडौली पुल के पास से मोबाइल की दुकान से मोबाइल चोरी किए थे। करीब दो महीने पहले कैलसा स्थित परचून की दुकान से ड्राई फ्रूट चोरी किए थे। करीब 15 दिन पहले डीएनएस कालेज के सामने रेडीमेड कपड़ों की दुकान में कमूल लगाकर एलईडी, नगदी व महंगे कपड़ों पर हाथ साफ किया था। उन्होंने बताया कि चोरों ने हसनपुर के रहरा अड्डे पर परचून की दुकान से तेल के टीन भी चोरी किए थे। इन्होंने थाना गजरौला क्षेत्र में भी दो चोरियों को अंजाम दिया था।
गैंग के सदस्यों का आपराधिक इतिहास
सीओ सिटी वीके राणा ने बताया कि चोर गैंग के पकड़े गए सदस्यों पर पहले से ही चोरी के कई मुकदमें दर्ज हैं। तरमेश पर उत्तराखंड, अमरोहा, गजरौला, डिडौली में करीब नौ, अकरम पर आठ मुकदमें दर्ज हैं। वहीं राजू उर्फ राजेश पर उत्तराखंड, मुरादाबाद अमरोहा, हसनपुर, डिडौली थानों में करीब डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमें दर्ज हैं। जबकि, राजन पर नौ और वरूण पर चार मुकदमें हैं। उन्होंने बताया कि चोर गैंग क्षेत्र में लगातार सक्रिया था। बार-बार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। अब इनको जेल भेजा जा रहा है।
गिरफ्तार करने वाली टीम
अरविंद कुमार, प्रभारी निरीक्षक नगर कोतवाली, दारोगा पवन कुमार, दरोगा बृजेश कुमार, सिपाही अंकुर, सिपाही सुभाष आदि रहे।
