शाहजहांपुर: बूथ एजेंट सुधीर यादव के परिजनों से मिले सपा नेता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

निगोही (शाहजहांपुर),अमृत विचार। दूसरे चरण के मतदान के दूसरे दिन 15 फरवरी की सुबह सपा के बूथ एजेंट 20 वर्षीय सुधीर कुमार यादव के माथे पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के पांचवें दिन सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश सिंह यादव के निर्देश पर सपा नेताओं ने बूथ एजेंट के गांव विक्रमपुर …

निगोही (शाहजहांपुर),अमृत विचार। दूसरे चरण के मतदान के दूसरे दिन 15 फरवरी की सुबह सपा के बूथ एजेंट 20 वर्षीय सुधीर कुमार यादव के माथे पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के पांचवें दिन सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश सिंह यादव के निर्देश पर सपा नेताओं ने बूथ एजेंट के गांव विक्रमपुर चकौरा पहुंचकर मामले की जांच की।

इस दौरान मृतक सुधीर कुमार यादव के पिता नेम सिंह यादव ने घटना के बारे में विस्तार से बताया। बेटे की हत्या से दुखी पिता बीच बीच में रो पड़ते थे। इस पर सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने उन्हें ढांढस बंधाते हुए कहा कि सुधीर यादव के हत्यारे बख्शे नहीं जाएंगे। मामले में जो भी दोषी होगा, उस पर कार्रवाई होगी और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष खुद उनके परिवार के साथ हैं। उनके परिवार की पूरी मदद की जाएगी।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां, एमएलसी अमित यादव, तिलहर विधायक/सपा प्रत्याशी रोशन लाल वर्मा, ददरौल से सपा प्रत्याशी राजेश वर्मा, सपा जिला महासचिव रणंजय यादव, सपा जिला उपाध्यक्ष अजफ़र अली खां आदि रविवार करीब साढ़े 11 बजे थाना निगोही के गांव विक्रमपुर चकौरा पहुंचे।

सपा नेता सीधे मृतक सुधीर यादव के घर गए, जहां मृतक के पिता नेम सिंह यादव मिले। सपा नेताओं को घर आया देखकर वे भावुक होकर रो पड़े। इस पर सपा नेताओं ने उन्हें ढांढस बंधाया। कहा कि हिम्मत से काम ले, पूरी समाजवादी पार्टी उनके परिवार के साथ है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर जिले से सभी लोग उनकी मदद को आ गए हैं।

मृतक के पिता और अन्य परिजनों ने पुलिस द्वारा की गई कार्यवाही पर असंतोष जताया और शेष हत्यारोपियों की गिरफ्तारी कराने को कहा। इस पर सपा जिलाध्यक्ष ने मौके से ही पुलिस के उच्च अधिकारियों से फोन पर वार्ता की। सपा नेताओं ने परिवार के सभी सदस्यों से मिले और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।

सपा नेताओं ने मौके पर मौजूद एएसपी सिटी संजय कुमार से सभी हत्यारोपियों की जल्द गिरफ्तारी कराने को कहा। सपा नेता मृतक के घर पर करीब पौन घंटे रहे। इसके बाद गांव वालों से भी मिले, फिर प्रतिनिधिमंडल वापस लौट आया।

यह है मामला
14 फरवरी को प्राथमिक विद्यालय चकौरा में फर्जी मतदान को लेकर हुए विवाद के बाद 15 फरवरी की सुबह सपा के बूथ एजेंट सुधीर सिंह यादव के घर पर दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला बोलकर उसकी हत्या कर दी थी। फायरिंग में दूसरे पक्ष का वीरेंद्र सिंह भी सीने में गोली लगने से घायल हुआ था। वीरेंद्र का लखनऊ के अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मामले में पुलिस ने मृतक के पिता नेम सिंह यादव की तहरीर पर गांव के राजेश्वर सिंह आदि पर, जबकि दूसरे पक्ष के वीरेंद्र के बेटे संजीव ने झंकार आदि पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने बताया कि रविवार को परिवारवालों से बातचीत में यह बात सामने आई कि बूथ एजेंट सुधीर यादव ने फर्जी मतदान करने आई युवती का विरोध किया था, जिसे सुरक्षा कर्मियों ने बूथ पर करीब तीन घंटे तक बिठाए रखा था।

इसी खुन्नस में राजेश्वर सिंह ने उसी दिन अपने साथियों के साथ सुधीर सिंह यादव पर हमला किया। पुलिस के आने के बाद सबक सिखाने की धमकी देकर सुधीर को छोड़ दिया था, लेकिन अगली सुबह फिर हमला गया, जिसमें सुधीर के माथे पर गोली लगने से उसकी जान चली गई।

पीड़ित परिवार के साथ पूरी समाजवादी पार्टी 

सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने कहा है कि पार्टी के बूथ एजेंट सुधीर यादव की गोली मारकर हत्या से समाजवादी पार्टी दु:खी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर वह सभी लोग परिवार से मिले। सुधीर के परिवार की पूरी मदद की जाएगी। परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। जल्द ही पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेजी जाएगी।

ये भी पढ़ें-

लखीमपुर खीरी: भाजपा की डबल इंजन सरकार के एक हाथ में विकास तो दूसरा बुलडोजर की स्टेरिंग पर-योगी

संबंधित समाचार