हल्द्वानी: महिला की मौत से ग्रामीणों में आक्रोश, बोले- बाघ को आदमखोर घोषित कर गोली मारो

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, हल्द्वानी। पनियाली में बाघ के महिला को मार डालने के बाद ग्रामीणों व परिजनों में जबरदस्त आक्रोश है। ग्रामीणों ने बाघ को आदमखोर घोषित कर गोली मारने की मांग को लेकर वन कार्यालय में प्रदर्शन किया। इधर, वन विभाग ने घटना स्थल के आसपास सात ट्रैपिंग कैमरा लगा दिए हैं। साथ ही बुधवार …

अमृत विचार, हल्द्वानी। पनियाली में बाघ के महिला को मार डालने के बाद ग्रामीणों व परिजनों में जबरदस्त आक्रोश है। ग्रामीणों ने बाघ को आदमखोर घोषित कर गोली मारने की मांग को लेकर वन कार्यालय में प्रदर्शन किया। इधर, वन विभाग ने घटना स्थल के आसपास सात ट्रैपिंग कैमरा लगा दिए हैं। साथ ही बुधवार को पिंजड़े लगाने की तैयारी कर रहा है।

वन अधिकारियों के अनुसार, बीते सोमवार को जंगल में चारा लेने के लिए गई जानकी देवी (50 वर्ष) पत्नी श्याम सिंह निवासी पनियाली को बाघ ने मार डाला था। देर सायं उसका शव जंगल में दो किमी अंदर पलियाबेट के कक्ष संख्या तीन-चार के मिलान से बरामद हुआ था। वन टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। इधर, मंगलवार को घटना से गुस्साए ग्रामीणों व परिजनों ने फतेहपुर वन रेंज कार्यालय में प्रदर्शन किया। उन्होंने वन अधिकारियों से बाघ को आदमखोर घोषित कर गोली मारने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। वन अधिकारियों ने समझाने की कोशिश की लेकिन वे बाघ को गोली मारने की जिद पर अड़ गए।

गुस्साए ग्रामीणों ने महिला के आश्रितों को सरकारी नौकरी व मुआवजा देने, जंगल से सटे गांवों में सोलर फेंसिंग करने व लाइट्स लगाने की मांग की। बाद में वन विभाग ने ग्रामीणों को समझाते हुए घटना स्थल पर सात ट्रैपिंग कैमरा लगा दिए हैं इनसे बाघ के मूवमेंट को रिकॉर्ड किया जा रहा है। इसी के साथ ही बुधवार को घटना स्थल के आसपास दो-तीन पिंजड़े लगाए जाएंगे। वहीं बाघ को आदमखोर घोषित करने के लिए कागजी कार्रवाई शुरू कर दी है।

बाघ का मूवमेंट रिकॉर्ड करने के लिए घटना स्थल पर सात ट्रैपिंग कैमरा लगा दिए हैं। बुधवार तक दो-तीन पिंजड़े लगा दिए जाएंगे। जंगलों से सटे गांवों में गश्त बढ़ाई जा रही है। बाघ को आदमखोर घोषित करने के लिए उच्च अधिकारियों के दिशा-निर्देश लिए जा रहे हैं। – केआर आर्य, रेंजर फतेहुपर वन रेंज

कठघरिया में तेंदुए की आमद से ग्रामीणों में दहशत 
हल्द्वानी। कठघरिया के घुनी नंबर एक स्थित मंगला विहार में एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में तेंदुए की तस्वीरें कैद हुई हैं। घनी आबादी के बीच रात में तेंदुए की आमद से क्षेत्रवासियों में दहशत का माहौल है। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और सोलर फेंसिंग की मांग की है। चेतावनी दी कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो उग्र आंदोलन होगा।

कांग्रेस ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा 
हल्द्वानी। कालाढूंगी सीट से कांग्रेस प्रत्याशी महेश शर्मा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने फतेहपुर वन रेंज कार्यालय में प्रदर्शन किया। गुस्साए लोगों ने वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जंगल से सटे गांवों में सुरक्षा की मांग की। रामनगर वन डिवीजन के डीएफओ से फोन वार्ता कर बाघ को नरभक्षी घोषित कर गोली मारने और परिजनों को मुआवजा दिलाने व आश्रितों को नौकरी देने की मांग की। जंगल से सटे आबादी के इलाकों में सोलर फेंसिंग, स्ट्रीट लाइट लगवाने, नियमित रूप से रात्रि गश्त आदि की मांग की। इस बाबत उन्होंने एसडीएम मनीष सिंह को ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन सौंपने वालों में नीरज तिवारी, प्रमोद तोलिया, अक्षय सुयाल, मोहन पपनै, मनोज जोशी, चिंतामणि जोशी, जगदीश देवका, गोपाल सिंह खनायत, महेश नेगी, राजीव सुयाल, प्रदीप देवका आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार