रुद्रपुर से लेकर काशीपुर तक पकड़े गए नशे के 731 इंजेक्शन, तीन गिरफ्तार
अमृत विचार, रुद्रपुर/काशीपुर। नशे के खिलाफ अभियान में एसओजी को बड़ी सफलता मिली है। एसओजी टीम ने नशे के 590 इंजेक्शन सहित नशे के एक सौदागर को गिरफ्तार किया है। बरामद इंजेक्शनों की कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इधर, काशीपुर में …
अमृत विचार, रुद्रपुर/काशीपुर। नशे के खिलाफ अभियान में एसओजी को बड़ी सफलता मिली है। एसओजी टीम ने नशे के 590 इंजेक्शन सहित नशे के एक सौदागर को गिरफ्तार किया है। बरामद इंजेक्शनों की कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इधर, काशीपुर में पुलिस ने नशे के 141 इंजेक्शनों के साथ यूपी के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार सोमवार रात को एसओजी को मुखबिर से भारी मात्रा में नशे के इंजेक्शनों की तस्करी की सूचना मिली। इस पर एसओजी और एडीटीएफ में रामपुर रोड पर बॉर्डर के पास चेकिंग शुरू की। तभी टीम को बिना नंबर की बाइक पर सवार एक युवक आता हुआ दिखाई दिया। शक होने पर टीम ने उसे रुकने का इशारा किया तो बाइक सवार युवक पुलिस को देखकर घबरा गया और बाइक मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे टीम ने कुछ दूर पीछा कर दबोच लिया।
तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद बैग में टीम को प्रतिबंधित नशे के 590 इंजेक्शन बरामद हुए। साथ 11,250 रुपये भी मिले। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कपिल गोयल उर्फ विक्की उर्फ संकट निवासी इंदिरा कॉलोनी बताया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे विधिक कार्यवाही के बाद जेल भेज दिया। पुलिस टीम में सीओ ऑपरेशन परवेज अली, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट, एडीटीएफ प्रभारी उपनिरीक्षक कमल हसन, सिपाही दीपक कठैत, गोविंद चंद्र, सुरेंद्र प्रताप सिंह, विकास चौधरी, महिला सिपाही कंचन व अरुणा आदि शामिल थे।
काशीपुर। पुलिस ने नशे के 141 इंजेक्शनों के साथ यूपी के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ वीर सिंह ने मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि सोमवार को आईटीआई थाना पुलिस ग्राम बरखेड़ी पंचायत घर के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने एक बाइक पर सवार दो युवकों को रोका। युवकों की तलाशी लेने पर उनके पास नशे के 141 इंजेक्शन बरामद हुए।
आरोपियों के पास वैद्य लाइसेंस भी नहीं पाया गया। युवकों ने पूछताछ में अपना नाम मो. शानू और वसीम निवासीगण यूपी के नई बस्ती ठाकुरद्वारा जिला मुरादाबाद बताया। कहा कि वह सुल्तानपुर पट्टी निवासी समीर नाम के व्यक्ति से नशे के इंजेक्शन लेकर काशीपुर और ठाकुरद्वारा क्षेत्र में युवाओं को बेचते हैं और खुद भी इंजेक्शन लगाकर नशा करते हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीओ ने बताया कि दोनों की क्राइम हिस्ट्री का पता लगाया जा रहा है। अभियान आगे भी जारी रहेगा। टीम में सीओ वीर सिंह, एसआई राकेश कठायत, कांस्टेबल वीरेंद्र राणा, उमेश तोम्क्याल शामिल रहे।
यूपी के बिलारी से लाया था इंजेक्शन
रुद्रपुर। पूछताछ में आरोपी कपिल ने पुलिस को बताया कि वह इन इंजेक्शनों को यूपी के बिलारी निवासी युवक सरफराज से थोक में खरीद कर लाया है और यहां शहर व ट्रांजिट कैंप में बेचता है। इस बार वह ये इंजेक्शन ट्रांजिट कैंप निवासी मोंटू सैनी के लिए खरीदकर लाया था। सीओ सिटी अभय सिंह ने बताया कि नशे का कारोबार करने वालों पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही। गिरफ्तार आरोपित से पुलिस पूछताछ कर रही है। इसके बाद इसमें संलिप्त अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
