मुरादाबाद : केस डायरी से कागज गायब होने पर भड़के वकील, पुलिस को दौड़ाया
मुरादाबाद,अमृत विचार। केस डायरी से कागज गायब करने को लेकर अधिवक्ताओं और कटघर थाने के पैरोकार तथा कैंप चौकी प्रभारी के बीच नोकझोंक हो गई। इस दौरान एक अधिवक्ता का कोट फट गया, जिससे उनके साथी भड़क गए और पुलिसकर्मियों को दौड़ा लिया। जानकारी पर एसपी सिटी मौके पर पहुंच गए। आसपास के सभी थानों …
मुरादाबाद,अमृत विचार। केस डायरी से कागज गायब करने को लेकर अधिवक्ताओं और कटघर थाने के पैरोकार तथा कैंप चौकी प्रभारी के बीच नोकझोंक हो गई। इस दौरान एक अधिवक्ता का कोट फट गया, जिससे उनके साथी भड़क गए और पुलिसकर्मियों को दौड़ा लिया। जानकारी पर एसपी सिटी मौके पर पहुंच गए। आसपास के सभी थानों की पुलिस भी बुला ली गई। अधिवक्ताओं को समझाने के प्रयास में एसपी सिटी सफल नहीं हो पाए। अधिवक्ता दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी करने लगे। अधिवक्ताओं ने मामले के विवेचक दस सराय चौकी प्रभारी और पैरोकार के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है।
कटघर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले आलम और दो अन्य के खिलाफ मकान के विवाद में कटघर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले में आलम और दो अन्य जेल में बंद हैं। पुलिस ने विवेचना में पंजीकृत मामले में धाराएं तरमीम कर दी। बुधवार को बचाव पक्ष के अधिवक्ता सरवर आलम ने अदालत में जमानत अर्जी लगाई थी। कोर्ट ने प्रकरण को दूसरे न्यायालय के क्षेत्र का मामला बताकर जमानत अर्जी दाखिल करने को कहा। आरोप है कि अधिवक्ता के साथ कागज लेकर चल रहे कटघर थाने के पैरोकार ने इस बीच कागज बदल दिया और फाइल में पुरानी धारा के ही कागजात रखा। अधिवक्ता ने इस बात विरोध किया। जिसे लेकर दोनों के बीच नोकझोंक होने लगी। बाद में दोनों भिड़ गए।

उधर, वरिष्ठ अधिवक्ता हाजी अब्दुल रहमान ने पुलिसकर्मियों पर अपना कोट फाड़ने का भी आरोप लगाया। अधिवक्ता आरोपी पैरोकार और मामले के विवेचक दस सराय चौकी प्रभारी को नौकरी से बर्खास्त करने की मांग पर अड़े थे। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार भी मौके पर पहुंच गए और वकीलों को समझा-बुझाकर शांत किया। वरिष्ठ अधिवक्ता हाजी अब्दुल रहमान ने बताया कि कप्तान को तहरीर दे दी गई है, जिसमें मामले के विवेचक और सरकारी कागज को गायब करने वाले पैरोकार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। एसएसपी ने दो दिन में जांच करके कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
विवेचना के दौरान हत्या के प्रयास की धारा को मारपीट में तरमीम किया गया था। अधिवक्ता ने बचाव पक्ष की ओर से जमानत अर्जी लगाई पर कोर्ट ने धारा को लेकर लोअर कोर्ट में सुनवाई को कहा। इस बीच सीडी के पर्चे गायब होने से हंगामा हो गया। मामले को सुलझा लिया गया है। बार की ओर से एसएसपी को शिकायती पत्र सौंपा गया है। -आदेश श्रीवास्तव, अध्यक्ष, दि बार एसोसिएशन
ये भी पढ़ें : जितने घंटे का सफर, उससे ज्यादा बस का इंतजार
