रुद्रपुर: किशोरी को बेचने के मामले में मां सहित पांच महिलाएं गिरफ्तार
रुद्रपुर, अमृत विचार। रिश्तों को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। एक मां पर अपनी नाबालिग बेटी का सौदा करने का आरोप लगा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पैसों के लालच में महिला अपनी ही बेटी की तीन बार शादी भी करा चुकी है। पुलिस ने इस मामले में पीड़ित किशोरी की …
रुद्रपुर, अमृत विचार। रिश्तों को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। एक मां पर अपनी नाबालिग बेटी का सौदा करने का आरोप लगा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पैसों के लालच में महिला अपनी ही बेटी की तीन बार शादी भी करा चुकी है। पुलिस ने इस मामले में पीड़ित किशोरी की मां और मौसी सहित पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पांचों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी ममता वोहरा ने बताया कि बीती 27 जनवरी को यह किशोरी घर से गायब हो गई थी। 20 फरवरी को किशोरी की मां ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी रिश्ते की बहन और पड़ोस की एक महिला किशोरी को एक घर में काम करने के लिए लेकर एक हफ्ते के लिए गये थे। लेकिन 24 दिन बीत जाने के बाद भी वह उसकी बेटी को घर वापस नहीं लाए, न ही बेटी से उसकी बात करवा रहे हैं।
आरोप था कि उसको ले जाने में गदरपुर निवासी एक युवकी का भी हाथ था। मामले में पुलिस ने मां की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने किशोरी को बिजनौर क्षेत्र से बरामद कर लिया था। जहां पुलिस के सामने चौंकाने वाले तथ्य आये। पुलिस के अनुसार मां ने किशोरी का सौदा मौसी व अन्य महिलाओं के साथ मिलकर किया था। जिसके बाद पुलिस ने मां और मौसी समेत पांच महिलाओं को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया।
किशोरी की बरामदगी के बाद यह तथ्य आये सामने
रुद्रपुर। पुलिस के अनुसार किशोरी से पूछताछ व जानकारी जुटाने पर नये तथ्य निकलकर सामने आये। जिसमें किशोरी की मां ने ही मौसी व तीन अन्य महिलाओं के साथ मिलकर किशोरी की शादी कराई थी। शादी कराने के एवज में उसने 80 हजार रुपये भी लिये थे। जिसमें से 50 हजार रुपये मां को मिल गये थे। लेकिन 30 हजार रुपये नहीं मिले थे। जिससे खफा मां ने पुलिस में किशोरी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
मां ने तहरीर में किशोरी को बताया था बालिग
रुद्रपुर। किशोरी की मां ने पुलिस को दी तहरीर में किशोरी की उम्र 18 वर्ष बतायी थी। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद किशोरी की बरामदगी और छानबीन करने के बाद पुलिस को पता चला कि किशोरी बालिग न होकर नाबालिग है।
डेढ़ साल से किशोरी का यहां वहां कर रही थी मां सौदा
रुद्रपुर। एसपी सिटी ममता वोहरा ने बताया कि किशोरी की मां पिछले डेढ़ साल से पैसे के लालच में किशोरी का यहां-वहां सौदा कर रही थी। जानकारी में आया है कि किशोरी की मां कई बार किशोरी को औने-पौने दाम में कई लोगों को बेच चुकी थी। जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
तीन युवकों से हो चुकी थी किशोरी शादी
रुद्रपुर। पुलिस ने छानबीन में पता चला कि किशोरी की मां व अन्य महिलाएं किशोरी की तीन बार शादी करा चुके है। जिनमें रुद्रपर, रामपुर व बिजनौर का एक युवक शामिल था। पुलिस के अनुसार इन युवकों को धोखा देकर उनसे किशोरी की शादी कराई और शादी के बाद किशोरी को किसी तरह वहां से भगा लाये। इस बार किशोरी वापस नहीं आयी तो मां ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करा दी।
