गोरखपुर: शानदार एयर कनेक्टिविटी से बड़े महानगरों की यात्रा हुई बेहद आसान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोरखपुर। गोरखपुर से न तो अब दिल्ली दूर है और न ही मुम्बई, कोलकाता, हैदराबाद या बेंगलुरु। किसी जरूरी काम से इन शहरों में आना-जाना हो या फिर सैर सपाटा करने, चंद घंटों में दूरी पूरी हो जाती है। जबकि पहले इन शहरों में आने-जाने को 16 से 36 घण्टे लग जाते थे। यह संभव …

गोरखपुर। गोरखपुर से न तो अब दिल्ली दूर है और न ही मुम्बई, कोलकाता, हैदराबाद या बेंगलुरु। किसी जरूरी काम से इन शहरों में आना-जाना हो या फिर सैर सपाटा करने, चंद घंटों में दूरी पूरी हो जाती है। जबकि पहले इन शहरों में आने-जाने को 16 से 36 घण्टे लग जाते थे। यह संभव हुआ है राज्य व केंद्र सरकार के साझा प्रयासों से, पांच सालों में गोरखपुर से प्रमुख शहरों के लिए शानदार एयर कनेक्टिविटी से। कभी हवाई जहाज की सेवा से वंचित गोरखपुर से वर्तमान में देश की राजधानी, आर्थिक राजधानी समेत सात प्रमुख शहरों के लिए उड़ान सेवा उपलब्ध है। आने वाले समय में आधा दर्जन अन्य शहर भी हवाई यात्रा सेवा से जुड़ने वाले हैं।

पांच साल पहले तक बड़े महानगरों की यात्रा के लिए गोरखपुर से सड़क व रेल मार्ग पर ही निर्भरता थी। पर, गोरखपुर एयरपोर्ट से उड़ान की शुरुआत होने से अत्यधिक अल्प समय में यात्रा का सुविधाजनक विकल्प पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगों को मिल गया है। प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सामंजस्य से एक एक करके सात बड़े शहरों के लिए यहां से फ्लाइट उपलब्ध है तो मार्च से कुछ अन्य महत्वपूर्ण शहर भी इस सूची में शामिल हो जाएंगे। गोरखपुर से फिलवक्त दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद, लखनऊ व प्रयागराज और बेंगलुरु के लिए कनेक्टिंग सेवा को मिलाकर प्रतिदिन 11 विमान उड़ान भर रहे हैं। इनमें से दिल्ली के लिए तो अलग अलग विमानन कम्पनियों की 5 फ्लाइट सेवा दे रही हैं।

क्षेत्रीय उड़ान योजना में गोरखपुर से वाराणसी और कानपुर के लिए मार्च से उड़ान शुरू होने जा रही है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की सौगात मिलने के बाद वाराणसी जाने वालों की संख्या तेजी से बढ़ी है। ऐसे में गोरखपुर से वाराणसी की हवाई सेवा पूर्वी यूपी के इस अंचल के लोगों को यात्रा सुविधा की गिफ्ट होगी। जबकि उद्योग नगरी कानपुर से एयर कनेक्टिविटी उद्यमियों के लिए खासकर मुफीद होगी। बरेली व सहारनपुर के लिए मई से फ्लाइट उपलब्ध होने की उम्मीद है। पुणे और गोवा की उड़ान भी पाइपलाइन में है। इन दो बड़े शहरों के लिए पर्यटकों को बड़ी सहूलियत उपलब्ध हो जाएगी।

50 किमी पर इंटरनेशनल एयरपोर्ट

सरकार ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगों के साथ ही बिहार के लोगों को गोरखपुर एयरपोर्ट से 50 किमी की दूरी पर कुशीनगर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सौगात भी दी है। अक्टूबर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। कुशीनगर भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली होने के कारण दुनिया भर के बौद्ध अनुयायियों की आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। इंटरनेशनल फ्लाइट शुरू होते ही यहां इन अनुयायियों को अपने प्रमुख तीर्थ पर आना-जाना बेहद आसान हो जाएगा। फिलहाल यहां से दिल्ली के लिए उड़ान सेवा मिल रही है। मार्च माह में मुंबई और कोलकाता के लिए भी उड़ान शुरू हो जाएगी। यही नहीं जिस तरह से कोरोना पर नियंत्रण पाया गया है, उसे देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि अगले कुछ माह में यहां से इंटरनेशनल फ्लाइट की सुविधा भी मिलने लगेगी।

संबंधित समाचार