बिजनौर : सब्दलपुर व पीपली गांव के युवक भी यूक्रन में फंसे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिजनौर/ हीमपुर दीपा, अमृत विचार। यूक्रेन में एमबीबीएस की पढ़ाई करने गए जनपद के कुल 17 विद्यार्थी फंसे हैं। गुरुवार को पुलिस विभाग ने 15 विद्यार्थियों की सूची जारी की थी। शुक्रवार को इसमें सब्दलपुर के जब्बार व पीपली गांव के सुहेल का नाम भी शामिल हो गया। अभी तक सभी विद्यार्थी सकुशल बताए जा …

बिजनौर/ हीमपुर दीपा, अमृत विचार। यूक्रेन में एमबीबीएस की पढ़ाई करने गए जनपद के कुल 17 विद्यार्थी फंसे हैं। गुरुवार को पुलिस विभाग ने 15 विद्यार्थियों की सूची जारी की थी। शुक्रवार को इसमें सब्दलपुर के जब्बार व पीपली गांव के सुहेल का नाम भी शामिल हो गया। अभी तक सभी विद्यार्थी सकुशल बताए जा रहे हैं।

रूस के हमले से यूक्रेन में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों के परिजनों में हड़कंप मचा हुआ है। गुरुवार को पुलिस विभाग ने जनपद के कुल 15 विद्यार्थियों की सूची जार की थी। जो वहां एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं। इनमें से कई विद्यार्थियों के परिजनों की बात हुई तो पता चला कि वह सकुशल हैं। इस पर परिजनों ने राहत की सांस ली।

शुक्रवार को 15 विद्यार्थियों की सूची में दो नाम और शामिल हो गए। जिनमें हीमपुर थाना क्षेत्र के गांव सब्दलपुर निवासी जब्बार (23) पुत्र मोहम्मद असलम और गांव पीपली जट निवासी सुहेल पुत्र डॉक्टर मोमिन अली है। जब्बार (23) यूक्रेन के शहर पोल्टावामा में फंसा है। वह पोल्टावा स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी से एमबीबीएस चतुर्थ वर्ष का छात्र है। उसने शुक्रवार को अपने मां-पिता व छोटी बहन से वीडियो कॉल से संपर्क किया। उसने बताया कि वह चिंता न करें। पोल्टावा स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के अपार्टमेंट में वह पूरी तरह सुरक्षित है। उसका संपर्क भारतीय दूतावास से बना हुआ है। भारतीय दूतावास ने उसे हर स्तर पर मदद देने का आश्वासन दिया है।

सुहेल पुत्र डॉ. मोमिन अली यूक्रेन के युवानो फ्रैंकली नेशनल यूनिवर्सिटी एमबीबीएस द्वितीय वर्ष कर रहा है। वह राजस्थान, मुंबई व बिहार के अपने चार अन्य साथियों के साथ एक फ्लैट में हैं। उसका कहना है कि सुबह में कुछ दूरी पर रिहायशी इलाके में बमबारी की गई। जिससे हम दहशत में हैं। हालांकि भारतीय दूतावास के अधिकारियों से संपर्क बनाए हुए हैं। जिन्होंने हमें मदद का आश्वासन दिया है। शीघ्र ही हंगरी पोलैंड से होते हुए अपने देश पहुंच सकेंगे। उसने यूक्रेन में फंसे भारतीयों की सलामती के लिए परवरदिगार से दुआ करने की बात कही है।

संबंधित समाचार