हल्द्वानी: निगम के पास बजट नहीं, कैसे ठीक हों सड़क
हल्द्वानी, अमृत विचार। नगर निगम के पास बजट नहीं होने की वजह से शहर की सड़कों की हालत जर्जर हो गई है। निगम के अधिकारियों को सड़कों के निर्माण और मरम्मत के लिए बजट बढ़ने का इंतजार है। नगर निगम हल्द्वानी के गठन के बाद से ही नगर निगम के अंतर्गत सड़कों का रखरखाव सही …
हल्द्वानी, अमृत विचार। नगर निगम के पास बजट नहीं होने की वजह से शहर की सड़कों की हालत जर्जर हो गई है। निगम के अधिकारियों को सड़कों के निर्माण और मरम्मत के लिए बजट बढ़ने का इंतजार है।
नगर निगम हल्द्वानी के गठन के बाद से ही नगर निगम के अंतर्गत सड़कों का रखरखाव सही तरह से नहीं हो पा रहा है। अपनी बेहतरीन सड़कों के तौर पर पहचान रखने वाला हल्द्वानी अब जर्जर सड़कों के लिए जाना जाता है। निगम के अधिकारियों का कहना है कि सड़कों की मरम्मत और रखरखाव के लिए बजट का अभाव बना हुआ है। अभी सेंट्रल फाइनेंस कमीशन से साल मे सात करोड़ रुपये ही नगर निगम को मिल रहे हैं। कोविड से पहले यह रकम 14 करोड़ की थी।
केंद्र सरकार की नीतियों के चलते मौजूदा रकम को पेयजल और कूड़ा निस्तारण पर प्राथमिकता के तौर पर खर्च करने की बाध्यता है। इसलिए सड़क निर्माण के लिए आवश्यक धन बच नहीं पा रहा है। इधर, स्टेट फाइनेंस कमीशन से साल में नगर निगम को 29 करोड़ रुपये की प्राप्ति होती है। इसमें ज्यादातर रकम कर्मचारियों के वेतन और भत्तों में ही खर्च हो रही है। अब समस्या के समाधान के लिए नगर निगम को शासन की ओर ताकना पड़ रहा है। उम्मीद है कि इस बार राज्य से मिलने वाली मद बढ़ जाए। अगर मद बढ़ती है तभी उसके बाद सड़कों के रखरखाव का शुरू हो पाएगा।
435 और मिली नई सड़कें बनीं सिरदर्द
हल्द्वानी। हाल ही में लोक निर्माण विभाग ने नगर निगम को 435 सड़कों का स्वामित्व दे दिया है। नगर निगम के पास पहले से ही सड़कों के लिए बजट नहीं है। इधर, इन सड़कों का भी नगर निगम में शामिल होने के बाद इनके रखरखाव की भी समस्या बन आई है।
निगम की आय नहीं बढ़ा पाए मेयर
हल्द्वानी। नगर निगम की खुद की आय कम होने की वजह से भी विकास कार्यों में खर्च करने के लिए रुपया की कमी है। नगर निगम ने नए आय के स्रोत के लिए कोई ज्यादा काम नहीं किए। मौजूदा मेयर जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला की ओर से आय के स्रोतों को बढ़ाने की ज्यादातर बातें घोषणाओं में ही सीमित रहीं।
फिलहाल नगर निगम हल्द्वानी में बजट की समस्या बनी हुई है। बजट बढ़ने के बाद ही सड़कों के रख रखाव का काम हो पाएगा। -नवल नौटियाल, अवर अभियंता, नगर निगम, हल्द्वानी
