Russia Ukraine war: जो बाइडेन ने एसओटीयू संबोधन में कहा पुतिन गलत हैं, हम रूस का सामना करने को तैयार
वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अपने पहले ‘स्टेट ऑफ द यूनियन’ संबोधन में अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन पर यूक्रेन के खिलाफ ”पूर्व नियोजित तथा अकारण” युद्ध छेड़ने का आरोप लगाया और कहा कि अमेरिका उनके द्वारा पेश की गईं चुनौतियों का सामना करने को तैयार है। बाइडेन ने कहा, ” अपने पूरे …
वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अपने पहले ‘स्टेट ऑफ द यूनियन’ संबोधन में अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन पर यूक्रेन के खिलाफ ”पूर्व नियोजित तथा अकारण” युद्ध छेड़ने का आरोप लगाया और कहा कि अमेरिका उनके द्वारा पेश की गईं चुनौतियों का सामना करने को तैयार है। बाइडेन ने कहा, ” अपने पूरे इतिहास से हमने यह सबक सीखा है कि जब तानाशाह को अपनी आक्रामकता की कीमत नहीं चुकानी पड़ती, तो वे और अधिक अराजकता फैलाने लगते हैं। वे आगे बढ़ते रहते हैं और अमेरिका तथा विश्व के लिए खतरा बढ़ता जाता है।”
पुतिन पर निशाना साधते हुए बाइडेन ने कहा, ” इसलिए द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यूरोप में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) का गठन किया गया। अमेरिका सहित 29 अन्य देश इसके सदस्य हैं। अमेरिकी कूटनीति मायने रखती है।” राष्ट्रपति ने कहा, ” पुतिन का युद्ध पूर्व नियोजित और अकारण है। उन्होंने कूटनीति के प्रयासों को खारिज कर दिया। उन्होंने सोचा था कि पश्चिमी देश और नाटो इसका जवाब नहीं देंगे। उन्हें लगा था कि वह हमारे घर में ही हमें बांट सकते हैं। पुतिन गलत थे। हम तैयार हैं।”
बाइडेन ने कहा कि उनके रूसी समकक्ष ने यूक्रेन पर हमले का गलत आकलन किया है। उन्होंने कहा, ” पुतिन ने सोचा था कि वह यूक्रेन में घुस जाएंगे और दुनिया कुछ नहीं करेगी, जबकि इसके बजाय उन्हें ऐसी एकजुटता का सामना करना पड़ा, जिसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी। उन्हें यूक्रेन की जनता का सामना करना पड़ा।” राष्ट्रपति ने कहा, ” संघर्ष के इस समय में, जैसा कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने यूरोपीय संसद में अपने भाषण में कहा, ” रोशनी अंधेरे पर जीत हासिल करेगी”।
अमेरिका में यूक्रेन के राजदूत आज रात यहां मौजूद हैं। आइए हम सभी आज रात इस कक्ष से यूक्रेन और दुनिया को एक अचूक संकेत भेजें।” कोविड-19 वैश्विक महामारी के प्रकोप के बाद यह पहला मौका था, जब संसद के सभी सदस्यों को सदन में आमंत्रित किया गया। बाइडेन के भाषण के दौरान सांसद लगातार तालियों के साथ उनकी हौसला अफजाई करते रहे। बाइडन ने कहा कि अमेरिका और उसके सहयोगी सावधानी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा, ” हमने पुतिन का सामना करने के लिए यूरोप और अमेरिका से लेकर एशिया और अफ्रीका तक सभी स्वतंत्रता-प्रेमी देशों का गठबंधन बनाने में महीनों मेहनत की। हम रूस के झूठ का जवाब सच से देते हैं…।”
बाइडेन ने कहा कि अपने सहयोगियों के साथ-साथ अमेरिका भी कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगा रहा है। वे रूस के सबसे बड़े बैंकों को अंतरराष्ट्रीय वित्तीय प्रणाली से बाहर कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ” हम रूस की प्रौद्योगिकी तक पहुंच भी सीमित कर रहे हैं, जो आने वाले वर्षों में उसकी आर्थिक ताकत को कम और उसकी सेना को कमजोर करेगा।” इस दौरान, बाइडन ने घोषणा की कि अमेरिका अपने हवाई क्षेत्र को रूसी विमानों के लिए बंद कर रहा है और कहा कि अन्य दंडात्मक कदमों के साथ उठाया गया यह कदम रूस को कमजोर करेगा। बाइडन ने कहा, ” आज रात, मैं घोषणा करता हूं कि हम और हमारे सहयोगी रूसी विमानों के लिए अमेरिकी हवाई क्षेत्र को बंद करेंगे।”
घरेलू स्तर विभाजन के बीच यूक्रेन को लेकर एकजुटता
भारी सुरक्षा के बीच अमेरिका के संसद भवन (यूएस कैपिटल) में मंगलवार को राष्ट्रपति जो बाइडेन अपने पहले ‘स्टेट ऑफ दि यूनियन’ संबोधन के लिए पहुंचे। इस दौरान कुछ सांसदों ने यूक्रेन के समर्थन में नीले और पीले रंग की पट्टी पहनी थी और इसके साथ ही ऐसा प्रतीत हुआ कि ध्यान घरेलू चिंताओं से अधिक विदेश में तेज होते युद्ध पर है। कोविड-19 महामारी के बाद पहली बार कांग्रेस (अमेरिकी संसद) के सभी सदस्यों को हाउस चेम्बर में बुलाया गया जो पिछले साल छह जनवरी को तत्कालीन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों द्वारा संसद पर हमले और बाइडन के निर्वाचन को रोकने की कोशिश के बीच विभाजित नजर आए हैं। सांसदों के लिए मास्क अनिवार्य नहीं था लेकिन सुरक्षा कड़ी थी जो देश में गहरे विभाजन को इंगित कर रहा था। राष्ट्रपति के वार्षिक संबोधन से पहले फ्लोरिडा के डेमोक्रेटिक सांसद वाल डेमिंग ने कहा, ”मैं मानता हूं कि देश का हर व्यक्ति समझता है कि जो दुनिया में जो भी होता है उसका सीधा असर यहां होता है।”
मैंने चीनी राष्ट्रपति से कहा कि अमेरिकियों के खिलाफ दांव लगाना कभी ठीक नहीं होगा
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि ”मैंने शी चिनफिंग को कह दिया कि अमेरिकी लोगों के खिलाफ दांव लगाना कभी ठीक नहीं होगा। हम लाखों अमेरिकियों के लिए अच्छे रोजगार सृजित करेंगे, सड़कों, हवाई अड्डों, बंदरगाहों और जलमार्गों का आधुनिकीकरण करेंगे।” बाइडेन ने कहा कि देश में इलेक्ट्रिक वाहनों के चार्जिंग के लिए देश में पांच लाख चार्जिंग स्टेशनों का जाल बिछाया जाएगा, हर बच्चे और हर अमेरिकी को घर में साफ पानी की आपूर्ति करने के लिए जहरीले सीसे (लीड) से बनी पाइपों को बदलने की शुरुआत कर जाएगी और हर अमेरिकी चाहे वह शहरी, अर्धशहरी, ग्रामीण या आदिवासी समुदाय का है उसे वहनीय कीमत पर उच्च गति की इंटरनेट सुविधा मुहैया कराई जाएगी। उन्होंने कहा, ” चार हजार परियोजनाओं की पहले ही घोषणा की जा चुकी है। बाइडेन ने घोषणा की कि इस साल अमेरिका 65 हजार मील लंबे राजमार्गों और 1,500 सेतु की मरम्मत करेगा।
ये भी पढ़ें : Russia Ukraine war : बाइडेन ने यूक्रेन के लोगों के साथ दिखाई एकजुटता, रूसी विमानों के लिए अमेरिकी हवाई क्षेत्र किया बंद
