अमेरिकी चर्चित टीवी कार्यक्रम ‘गेम ऑफ थ्रोंस’ में जान फूंकता है उत्तराखंड में बनने वाला यह सामान
हल्द्वानी। आप यह जानकर हैरान रह जाएंगे कि जाने माने अमरीकी टीवी कार्यक्रम गेम ऑफ थ्रोंस को रोचक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली तलवारें देवभूमि उत्तराखंड में बनाई जाती हैं। देहरादून के बालावाला क्षेत्र में स्थित विंडलास स्टील क्राफ्ट नाम की कंपनी दुनियाभर के सैन्य समारोहों में इस्तेमाल होने वाली तलवारों की अधिकारिक निर्माता …
हल्द्वानी। आप यह जानकर हैरान रह जाएंगे कि जाने माने अमरीकी टीवी कार्यक्रम गेम ऑफ थ्रोंस को रोचक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली तलवारें देवभूमि उत्तराखंड में बनाई जाती हैं।

देहरादून के बालावाला क्षेत्र में स्थित विंडलास स्टील क्राफ्ट नाम की कंपनी दुनियाभर के सैन्य समारोहों में इस्तेमाल होने वाली तलवारों की अधिकारिक निर्माता है। उत्तराखंड के देहरादून में इस कंपनी की स्थापना 1943 में वीपी विंडलास ने की थी। गेम ऑफ थ्रोन्स में दर्शाए गए युद्ध के दृश्यों को दिलचस्प बनाने में हथियारों की अहम भूमिका होती है। गेम ऑफ थ्रोन्स में इस्तेमाल की गई करीब-करीब सभी तलवारों का निर्माण इसी कंपनी में हुआ है। जॉर्ज आर मार्टिन की किताब पर आधारित यह टीवी कार्यक्रम भारतीय युवाओं के बीच भी लोकप्रिय रहा है। सिंहासन के लिये लड़ी जाने वाली रोमांचक लड़ाई प्रस्तुत करने वाली यह टीवी सीरीज 2011 में शुरू हुई थी।

दूसरे विश्व युद्ध में गोरखा रेजीमेंट के लिए बनाई थी खुकरी
विंडलास स्टील क्राफ्ट कई अन्य चर्चित हॉलीवुड फिल्मों के लिये भी हथियार बना चुकी है। जिनमें ट्रॉय, बैटमैन, पाईरेट्स ऑफ कैरिबियान 2 और 3, क्रानिकल ऑफ नार्निया, क्वांटम ऑफ सोलेश, इंडियाना जोंस जैसी फिल्में शामिल हैं। यह कंपनी अमेरीकी सेना के अतिरिक्त ब्रिटिश रायल नेवी, कोलंबियाई पुलिस आदि के लिये भी सेरेमोनियल तलवारें का निर्माण करती है। इसके अलावा दूसरे विश्व युद्ध के दौरान गोरखा रेजीमेंट के लिए खुकरी का निर्माण भी विंडलास स्टील क्राफ्ट ने ही किया था।
