अमरोहा : हाइवे किनारे खड़े सरिए लदे ट्रेलर में घुसी रोडवेज बस, 20 यात्री घायल
अमरोहा/गजरौला, अमृत विचार। नेशनल हाइवे पर सड़क किनारे खड़े सरिया लदे ट्रेलर में पीछे से रोडवेज बस घुस गई। हादसे में चालक-परिचालक समेत करीब 20 यात्री घायल हो गए। आनन-फानन में सभी घायलों को गजरौला सीएचसी में भर्ती कराया गया। घटना के बाद हाइवे पर जाम लग गया। हादसा शनिवार की तड़के चार बजे हुआ। …
अमरोहा/गजरौला, अमृत विचार। नेशनल हाइवे पर सड़क किनारे खड़े सरिया लदे ट्रेलर में पीछे से रोडवेज बस घुस गई। हादसे में चालक-परिचालक समेत करीब 20 यात्री घायल हो गए। आनन-फानन में सभी घायलों को गजरौला सीएचसी में भर्ती कराया गया। घटना के बाद हाइवे पर जाम लग गया।
हादसा शनिवार की तड़के चार बजे हुआ। बरेली से दिल्ली जा रही कौशांबी डिपो की बस गजरौला हाइवे स्थित गांव सलारपुर के पास पहुंची थी। बताया जा रहा है कि इस दौरान चालक को नींद की झपकी आ गई। जिससे बस हाइवे पर सड़क किनारे खड़े सरिया से लदे ट्रेलर में पीछे से घुस गई। हादसे की वजह बस चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है।
तेज धमाके के साथ हुए हादसे में 20 यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को गजरौला सीएचसी भर्ती कराया। जहां करीब आधा दर्जन यात्रियों की हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार ने बताया तड़के हुए हादसे में क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। साथ ही घायल हुए सभी लोगों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
यह हुए घायल
बस चालक राजाबाबू, हाथरस निवासी परिचालक आकाश, बरेली के आजादनगर मुहल्ला निवासी जैबुल निशा व उसकी बेटी खुश्बू, बेटा अरमान, थाना किला बरेली निवासी मोहम्मद शादाब आलम, पुराना शहर बरेली निवासी नौशाद, शादाब, रिजवान व दिल्ली के त्रिलोकपुरी निवासी आनंद राज समेत 20 लोग घायल हो गए।
