चंदौसी से बारात में रुद्रपुर आए युवक की चाकू से गोदकर हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। नैनीताल रोड पर रविवार की देर रात शादी समारोह में आए युवक की चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। भाई पर हुए कातिलाना हमले को देखकर जब छोटा भाई बीच-बचाव को आया। तो उस पर भी चाकू से हमला कर घायल कर दिया। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन …

रुद्रपुर, अमृत विचार। नैनीताल रोड पर रविवार की देर रात शादी समारोह में आए युवक की चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। भाई पर हुए कातिलाना हमले को देखकर जब छोटा भाई बीच-बचाव को आया। तो उस पर भी चाकू से हमला कर घायल कर दिया। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। सोमवार को पुलिस ने हत्याकांड में शामिल दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

रामपुर के स्वार क्षेत्र के मिलकखानम महूनागर निवासी संजय पाल के जीजा गुड्डू के रिश्तेदार की शादी थी। चंदौसी से बारात रुद्रपुर के शिवनगर निवासी चंद्रसेन के घर जानी थी। रविवार की रात संजय अपने छोटे भाई नितिन पाल व जीजा के साथ नैनीताल रोड पर डीडी चौक के समीप स्थित आहूजा धर्मशाला में पहुंचे। रात करीब 12 बजे पटवाई रामपुर यूपी निवासी गौरव पाल व शिवनगर थाना ट्रांजिट कैंप निवासी विक्की पाल अपने चार साथियों के साथ आया और वैवाहिक स्थल से सौ मीटर की दूरी पर खडे़ तीनों लोगों पर हमला शुरू कर दिया। इस दौरान गौरव ने चाकू से संजय पाल पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने बीच-बचाव करने आए नितिन को भी चाकू मार कर घायल कर दिया। शोर-शराबा होने पर हमलावर मौके से फरार हो गए।

वहीं बारातियों को सूचना मिलते ही गंभीर रुप से घायल संजय को एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हत्या की सूचना मिलते ही सीओ सदर अभय सिंह, इंस्पेक्टर विक्रम राठौर और बाजार चौकी प्रभारी संदीप शर्मा पुलिसबल के साथ घटनास्थल पहुंचे। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेजा। संजय के भाई नितिन की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर गौरव पाल और विक्की पाल को गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।

भाई की हत्या के प्रतिशोध में गौरव ने की वारदात
एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने बताया कि 2015 में गौरव के भाई की हत्या हो गई थी। संजय के भाई विजय पाल पर हत्या का आरोप था। बाद में विजय पाल की भी मौत हो गई थी। इससे संजय को लग रहा था कि रंजिश खत्म हो गई है। रविवार की रात गौरव ने जैसे ही संजय व उसके भाई को देखा तो प्रतिशोध की ज्वाला जल गई। वह घर गया और अपने साथियों को लेकर आया। घटना में प्रयुक्त चाकू मुर्गा काटने वाला था। इसे गौरव ही लेकर आया था।

संजय पर चाकू से हमले का भाई को नहीं हुआ अंदाजा
संजय को जब हमलावरों ने घेरकर नीचे झुकाकर उस पर हमला कर दिया। इस दौरान नितिन और गुड्डू को अन्य ने पकड़ लिया था। भाई पर हमले के बाद नितिन ने सोचा संजय को लात-घूंसों से पीटा जा रहा है। वह भाई को छुड़वाने के लिये छटपटाने लगा। जब भाई को बचाने गया तो उसके हाथ पर गौरव ने चाकू मार दिया। जिसके बाद उसे चाकू से हमले का अंदाजा हुआ और उसने शोर मचाया।

आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा हमलावर व मृतक के परिवार के बीच पुरानी रंजिश का मामला भी सामने आया है। पुलिस हर दिशा में अपनी जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करेगी। – बरिंदरजीत सिंह, एसएसपी, रुद्रपुर

संबंधित समाचार