नानकमत्ता: जीजा ने गोली मारकर साले की ले ली जान
नानकमता, अमृत विचार। अज्ञात कारणों के चलते एक जीजा ने अपने साले की गोली मारकर हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी …
नानकमता, अमृत विचार। अज्ञात कारणों के चलते एक जीजा ने अपने साले की गोली मारकर हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
गांव बिसौटा, थाना खटीमा निवासी कुलदीप सिंह (45) पुत्र निर्मल सिंह सोमवार दोपहर करीब दो बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर नानकसागर बांध के अंदर अपने खेत से गन्ना भरने गया था। परिजनों के अनुसार पीछे से उसका जीजा बलजीत सिंह उर्फ सोनू निवासी फुलइया (खटीमा) भी वहां पहुंच गया और कुलदीप सिंह से गालीगलौज करने लगा।
गालीगलौज और हंगामे के बीच बलजीत सिंह ने कुलदीप सिंह के ट्रैक्टर के बोनट पर कृपाण मार दी। इस पर कुलदीप सिंह अपने ट्रैक्टर से नीचे उतर गया तो जीजा बलजीत सिंह ने हाथापाई की और फिर अपने साले कुलदीप सिंह को तीन गोलियां मारकर मौत के घाट उतार दिया। गोली की आवाज सुनते ही खेत मे काम कर रहे मजदूरों मे भगदड़ मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। इधर, सूचना मिलते ही खटीमा और नानकमत्ता पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। समाचार लिखे जाने तक परिजनों की ओर से तहरीर नहीं सौंपी गई थी। बता दें कि कुलदीप की शादी उसके जीजा बलजीत सिंह की बहन से हुई थी। कुलदीप के दो बेटे और एक बेटी हैं।
